
संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद के मुरादनगर स्थित छोटा हरिद्वार में छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय के साथ हुई। शुक्रवार सुबह 4 बजे से ही पूर्वांचल समाज के हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए घाट पर पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की और चार दिन तक चलने वाले इस पर्व की शुरुआत की। घाट पर बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश से आकर दिल्ली-एनसीआर में बसे परिवारों की भीड़ रही।
पूर्वांचल समाज के लोगों के लिए छठ महापर्व का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। इस दौरान छठी मैया और सूर्यदेव की पूजा की जाती है। मान्यता है कि छठी मैया संतान को सुख-समृद्धि देती हैं और उनकी रक्षा करती हैं। श्रद्धालु पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ चार दिनों तक व्रत रखकर पूजा करते हैं।

चार दिन तक चलेगा छठ महापर्व
छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। पहले दिन व्रती स्नान कर शुद्धता के साथ पर्व की शुरुआत करते हैं। दूसरे दिन खरना होता है। इस दिन छठी मैया के लिए प्रसाद तैयार किया जाता है और व्रती पूजा-अर्चना करते हैं।
तीसरे दिन डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इसके लिए श्रद्धालु नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे पहुंचते हैं। चौथे और आखिरी दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन किया जाता है।

संतान की सुख-समृद्धि के लिए करते हैं पूजा
पूर्वांचल समाज में छठ पूजा को आस्था और परंपरा से जुड़ा प्रमुख पर्व माना जाता है। छठी मैया को संतान सुख देने और बच्चों की रक्षा करने वाली देवी के रूप में पूजा जाता है। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि सच्चे मन और पूरी श्रद्धा से पूजा करने पर छठी मैया मनोकामनाएं पूरी करती हैं। इसी विश्वास के साथ हर साल बड़ी संख्या में लोग घाटों पर पहुंचकर यह पर्व मनाते हैं।



