latest-news

‘मोदी सरकार ने आतंकी हमला करने वालों की हेकड़ी निकाल दी’, पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह में बोले सीएम योगी

संवाददाता

 मेरठ। सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज (शनिवार को) क्रांति धरा मेरठ में आयोजित ‘पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह’ में यूपी के 5.19 लाख पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि पिछली सरकारों ने दशकों तक ‘वन रैंक-वन पेंशन’ को लटकाए रखा। सैनिकों और शहीद परिवारों का सम्मान उनकी प्राथमिकताओं में नहीं था। लेकिन आज पीएम मोदी के नेतृत्व में नया भारत सैनिकों के सम्मान और सामर्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है।

सुरक्षित माहौल में ही प्रगति संभव

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘कोई भी देश हो या समाज, सुरक्षित माहौल में ही उसकी गति प्रगति में बदल सकती है। सुरक्षा का माहौल न हो तो गति को दुर्गति में बदलने में देर नहीं लगती। सियाचिन की ठंड हो या राजस्थान की गर्म रेत, हर मोर्चे पर हमारा सैनिक खड़ा मिलता है। सैनिक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, सिर्फ उसकी वर्दी बदलती है। वह गांव और समाज का मार्गदर्शक बनकर प्रेरणा देता रहता है।’

स्टांप शुल्क में 50 लाख तक छूट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा करते हुए कहा कि पूर्व सैनिकों और शहीद सैनिकों के आश्रितों को 50 लाख रुपये तक की संपत्ति पर स्टांप ड्यूटी में छूट दी जाएगी। पहले यह छूट 20 लाख रुपये तक की संपत्ति खरीदने पर मिलती थी। सीएम योगी ने वीरता पुरस्कार की राशि दोगुना करने का भी ऐलान किया।

सीएम योगी ने गाजीपुर के गहमर गांव का किया जिक्र

उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश वीरों की भूमि है। यहां लगभग 20 लाख लोगों का सैनिक परिवार निवास करता है। देश में हर साल लगभग 60 हजार सैनिक सेवानिवृत्त होते हैं, जिनमें से करीब 12 हजार अकेले उत्तर प्रदेश के होते हैं। इस धरती ने जगन्नाथ सिंह, वीर अब्दुल हमीद, कैप्टन मनोज पांडेय और योगेंद्र सिंह यादव जैसे वीर दिए हैं। यहां अनेक परिवार ऐसे हैं, जिनमें पहले दादा, फिर पिता और उसके बाद बेटे-बेटियों ने भी वर्दी पहनी है। बुलंदशहर और गाजीपुर में ऐसे उदाहरण हैं। गाजीपुर का गहमर गांव बड़ी संख्या में जवान देने के लिए जाना जाता है। मैं मां भारती के वीर सपूतों के बलिदान और समर्पण को कोटि-कोटि नमन करता हूं।

हमारे मंत्री मेरठ की चर्चा कर रहे थे। यह वही मेरठ है, जिसने आस्था और क्रांति को एक धारा में पिरोकर नई अलख जगाई। एक समय मेरठ की पहचान अवैध वाहन कटान और माफियावाद से होने लगी थी। गन्ना किसान भुगतान के लिए परेशान रहते थे और उन पर पुलिस लाठियां बरसाती थी। मिलों पर ताले लगे थे। खाद के लिए कतारें लगती थीं। ट्यूबवेल पर चोरी होती थी और किसान अपने खेतों में जाने से डरता था। लेकिन आज मेरठ अपनी पुरातन पहचान के साथ ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ योजना के जरिए नई पहचान बना रहा है। गन्ना किसानों को रिकॉर्ड भुगतान हुआ है। कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव आया है। प्रधानमंत्री मोदी ने नमो भारत और आरआरटीएस कॉरिडोर का उद्घाटन किया। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे ने भी आवागमन आसान बनाया है। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद ने ओलंपिक में स्वर्ण पदक दिलाकर भारत का तिरंगा लहराया। आज उनके नाम पर मेरठ में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी आकार ले रही है: सीएम योगी आदित्यनाथ

पहले की सरकारों में चरम पर था अपराध

मुख्यमंत्री योगी बोले, ‘मेरठ का दुर्भाग्य रहा कि 2016 में कारगिल युद्ध के एक पूर्व सैनिक के साथ अपमानजनक घटना हुई। एक राजनीतिक दल के समर्थकों ने उन्हें इसलिए पीटा, क्योंकि उन्होंने सलाम करने से मना कर दिया था। वर्ष 2013 में एलओसी पर शहीद हुए सैनिक के सम्मान में प्रशासनिक व्यवस्थाएं नदारद थीं। अपराध की घटनाएं बढ़ रही थीं। मेरठ में एक लड़की से छेड़छाड़ का विरोध करने पर हत्या कर दी गई।’

पीएम मोदी के नेतृत्व में आतंकी हमला करने वालों की हेकड़ी निकाल दी गई

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तत्कालीन हुकूमत के मन में सैनिकों के प्रति सम्मान नहीं था। देश की रक्षा से जुड़े मामलों में समझौते होते थे। वीर सैनिकों की वीरता को कटघरे में खड़ा करने का प्रयास किया जाता था। आतंकी हमला होता था तो सरकार डोजियर भेजकर इतिश्री कर लेती थी। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आतंकी हमला करने वालों की हेकड़ी निकाल दी गई है। नया भारत अपने सैनिकों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। वर्ष 2022 में आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने के बाद अगले 25 वर्षों में भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है।

रक्षा बजट में बढ़ोतरी हुई है। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ की व्यवस्था की गई है। समाज में सैनिकों का सम्मान और बढ़ा है। प्रधानमंत्री मोदी सुरक्षाबलों के बीच दीपावली मनाते हैं। नक्सलवाद, आतंकवाद और माओवाद को समाप्त करने की दिशा में काम हुआ है। आज देश का रक्षा निर्यात 55 गुना बढ़ा है। ब्रह्मोस जैसी मिसाइल लखनऊ में बन रही है। इसी ब्रह्मोस ने पाकिस्तान के छक्के छुड़ाए हैं: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

370 समाप्त करके ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को किया मजबूत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अनुच्छेद 370 समाप्त करके ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को मजबूत किया गया है। वर्दीधारियों का सम्मान डबल इंजन सरकार का संकल्प है। शहीदों के परिवारों को दी जाने वाली सहायता राशि 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है। वर्ष 2018 से शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था की गई है। वीरगति प्राप्त सैनिकों के नाम पर स्मारक और स्मृति द्वार बनाए गए हैं। हमारे सैनिकों ने हमेशा अपने प्राणों से ऊपर राष्ट्र को रखा है। इससे पहले, अयोध्या के कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा था कि एक जमाने में अयोध्या में जय श्री राम बोलने पर रोक थी, राम भक्तों पर गोलियां बरसाई गई थीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com