latest-newsएनसीआरदिल्ली

दिल्ली के भारत मंडपम में सजा व्यापार का महाकुंभ, आज से खुल गए द्वार

  व्यापार और संस्कृति का यह भव्य मेला 14 नवंबर की सुबह 10 बजे से दर्शकों के लिए खुल गया.

संवाददाता

नई दिल्ली । राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भव्य और अत्याधुनिक प्रदर्शनी केंद्र ‘भारत मंडपम’ में एक बार फिर व्यापार और संस्कृति का महाकुंभ सजकर पूरी तरह तैयार है. हम बात कर रहे हैं देश के सबसे बड़े और बहुप्रतीक्षित आयोजन ‘इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर’ (IITF) की. इस साल ट्रेड फेयर का 45वां संस्करण आयोजित किया जा रहा है, जिसे लेकर दिल्लीवासियों के साथ-साथ देश-विदेश के व्यापारिक जगत में भी भारी उत्साह देखने को मिल रहा है.

शुक्रवार काे केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने भारत मंडपम में आयोजित एक गरिमामयी समारोह के दौरान इस मेले का औपचारिक शुभारंभ किया था. 14 नवंबर से यह भव्य मेला दर्शकों के लिए अपने दरवाजे खोल दिए है. अगर आप भी इस बार परिवार या दोस्तों के साथ ट्रेड फेयर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले टिकट, समय, एंट्री गेट और हॉल्स से जुड़ी हर छोटी-बड़ी बात जान लेना आपके लिए बेहद जरूरी है.

कब से कब तक है मेला और क्या रहेगा समय?

यह प्रतिष्ठित मेला 14 नवंबर से शुरू होकर 27 नवंबर तक यानी कुल 14 दिनों तक चलेगा. मेले की रूपरेखा को दो हिस्सों में बांटा गया है ताकि कारोबारियों और आम जनता दोनों को सहूलियत मिल सके. मेले के शुरुआती पांच दिन यानी 14 नवंबर से 18 नवंबर तक का समय केवल बिजनेस क्लास और ट्रेड विजिटर्स के लिए आरक्षित है. इन दिनों में टिकटों के दाम सामान्य दिनों के मुकाबले काफी ज्यादा होते हैं, ताकि कारोबारी गंभीर माहौल में अपने व्यापारिक समझौते और नेटवर्किंग कर सकें. वहीं आम जनता, परिवार और युवाओं के लिए यह मेला 19 नवंबर से 27 नवंबर तक पूरी तरह से खुल जाएगा. इस दौरान आप किफायती दरों पर टिकट खरीदकर मेले का लुत्फ उठा सकते हैं. मेले के खुलने और बंद होने का समय सुबह 10:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक निर्धारित किया गया है.

दिल्ली के भारत मंडपम का नजारा
दिल्ली के भारत मंडपम का नजारा

  • टिकट कहां और कैसे मिलेंगे: आप घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से आसानी से टिकट बुक कर सकते हैं. इसके अलावा, दिल्ली-एनसीआर के 55 मेट्रो स्टेशनों पर भी यात्रियों की सुविधा के लिए टिकट काउंटर बनाए गए हैं, जहां से आप ऑफलाइन टिकट खरीद सकते हैं, लेकिन, भारत मंडपम के सबसे नजदीक मौजूद सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर मेले का टिकट काउंटर नहीं होगा.
  • प्रवेश द्वार : इस बार सुरक्षा और सुचारू आवाजाही को ध्यान में रखते हुए विजिटर्स के लिए गेट नंबर 3, 4, 6 और 10 को मुख्य एंट्री पॉइंट बनाया गया है. अगर आप अपनी गाड़ी से आ रहे हैं, तो ध्यान रखें कि निर्धारित पार्किंग स्थलों पर गाड़ियों की कड़ी सुरक्षा जांच (चेकिंग) के बाद ही विजिटर्स को अंदर प्रवेश मिल सकेगा. सुरक्षा एजेंसियां और ट्रेड फेयर प्रशासन इसे लेकर पूरी तरह मुस्तैद हैं.

किस हॉल में दिखेगा किस राज्य का जलवा?

भारत मंडपम के विशाल परिसरों में इस बार कुल 5 प्रमुख हॉल्स बनाए गए हैं, जिनमें अलग-अलग राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और विभागों की प्रदर्शनियों को करीने से सजाया गया है.

भारत मंडपम में सजा व्यापार का महाकुंभ
भारत मंडपम में सजा व्यापार का महाकुंभ 

  • हॉल नंबर 1: इस हॉल में झारखंड, जम्मू-कश्मीर, मेघालय के साथ-साथ दुनिया भर से आए अंतरराष्ट्रीय (International) एग्जीबिटर्स और कंपनियों की शानदार प्रदर्शनियां लगाई गई हैं.
  • हॉल नंबर 2: यहां आपको देश की राजधानी दिल्ली के साथ-साथ अंडमान-निकोबार, गुजरात, लद्दाख, मणिपुर, पंजाब और दक्षिण भारत का खूबसूरत राज्य तेलंगाना देखने को मिलेगा.
  • हॉल नंबर 3: इस हॉल में अरुणाचल प्रदेश, गोवा, नागालैंड, ओडिशा, पुडुचेरी (पांडिचेरी), त्रिपुरा और उत्तर प्रदेश की संस्कृति व विकास की झलक देखने को मिलेगी.
  • हॉल नंबर 4: यहां पूर्वोत्तर का राज्य असम, छत्तीसगढ़, चंडीगढ़ और मध्य प्रदेश के स्टॉल और कलाकृतियाँ सजकर तैयार हैं.
  • हॉल नंबर 5: इस अंतिम हॉल में पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक के बेहतरीन उत्पाद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आपका मन मोह लेंगी.

इस बार क्या है खास?

हर साल की तरह इस बार भी ट्रेड फेयर में देश की विविधता और सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा. इस बार मेले के फोकस स्टेट (Focus States) असम, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और झारखंड हैं, जिनकी कला, संस्कृति और खान-पान विशेष आकर्षण का केंद्र रहने वाले हैं. आंकड़ों की बात करें तो इस बार के मेले में कुल 21 राज्य और 30 से अधिक केंद्रीय व राज्य सरकारी विभाग अपनी-अपनी योजनाओं, उपलब्धियों और उत्पादों की प्रदर्शनियां लेकर आए हैं. एमएसएमई (MSME), हस्तशिल्प और वोकल फॉर लोकल की तर्ज पर बने उत्पादों को यहां विशेष बढ़ावा दिया जा रहा है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com