
संवाददाता
मुंबई । महाराष्ट्र में पिछले काफी समय से नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) शरद पवार गुट और NCP अजित पवार गुट में विलय को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं. पिछले दिनों शरद पवार से अजीत गुट के कई नेताओं ने मुलाकात की, जिससे अटकलों को और बल मिल गया. इस बीच शरद पवार की बेटी और सांसद सुप्रिया सुले का बयान सामने आया है. उन्होंने दोनों गुटों के विलय की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए इन अटकलों पर विराम लगा दिया है.
सुप्रिया सुले ने दोनों एनसीपी गुटों के विलय को लेकर कहा कि उनके भाई अजित पवार के जीवित रहने तक दोनों गुटों के विलय पर चर्चा चल रही थी, लेकिन उनके निधन के बाद यह बातचीत पूरी तरह रुक गई. उन्होंने कहा ‘जिस दिन मेरा भाई चला गया, उसी दिन विलय के मुद्दे पर मैंने अपने मन में पूर्ण विराम लगा दिया था’.
‘हमारी तरफ से इस विषय पर कोई बयान नहीं आया’
शरद पवार गुट की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा ‘आप कोई भी डेटा निकाल लीजिए, चाहे ChatGPT से ही क्यों न निकाल लीजिए. उस दिन के बाद से हमारी तरफ से इस विषय पर कोई बयान नहीं आया है. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की तरफ से जो भी बयान आए हैं, हमने उनका कोई जवाब नहीं दिया है और न ही हम जवाब देंगे’.
‘भविष्य के लिए जो कुछ सोचा था, भाई के साथ चला गया’
उन्होंने कहा ‘हमारे लिए यह भावनात्मक मुद्दा है. हमारा भाई चला गया. हमारे घर का एक पुरुष चला गया. मेरे भाई के साथ मेरा जो रिश्ता था, वह जीवनभर बना रहेगा. हमारे भविष्य के लिए जो कुछ भी सोचा था, वह सब भाई के साथ ही चला गया. अब भाई ही नहीं हैं, तो इस मुद्दे पर क्या चर्चा करें?’.
‘यह राजनीतिक चर्चा का नहीं भावनाओं का विषय है’
इसके साथ ही सांसद सुप्रिया सुले ने ये भी कहा कि फिलहाल हमारे लिए यह राजनीतिक चर्चा का विषय नहीं, बल्कि भावनाओं का विषय है. उन्होंने कहा कि कुछ भावनाएं ऐसी होती हैं, जो दिल से जुड़ी होती हैं. उन्होंने कहा कि लोग प्रेम और रिश्तों के आधार पर एक-दूसरे से जुड़े होते हैं.
विलय की खबरों पर संजय राउत का बयान
इस बीच शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने भी इस मुद्दे पर बयान दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा ‘शरद पवार की पार्टी में शायद कुछ ऐसे लोग हों जो मंत्री पद पाने के लिए बेताब हैं. लेकिन उनके लिए, शरद पवार का उन उसूलों को खत्म कर देना सही नहीं है, जिनका उन्होंने जीवन भर पालन किया है’.
‘विलय का खेल हास्यास्पद होता जा रहा है’
राउत ने आगे कहा ‘अगला सवाल यह है कि इस खेल में कौन किसमें विलय करेगा. शरद पवार का ऐसे गुट के साथ बातचीत करते रहना, जो बीजेपी के तलवे चाटता है, राज्य की परंपराओं के अनुरूप नहीं है. इससे महाराष्ट्र में भ्रम और संदेह का माहौल बन रहा है. शरद पवार, सुप्रिया सुले, जयंत पाटिल और शशिकांत शिंदे जैसे नेताओं को इस खेल में नहीं बह जाना चाहिए. कभी-कभी लोग इस तरह बह भी जाते हैं. यह विलय का खेल दिन-ब-दिन और भी हास्यास्पद होता जा रहा है!’.



