
संवाददाता
नई दिल्ली । खेल मंत्रालय की तरफ से साल 2025 के लिए अर्जुन अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट 18 अगस्त को जारी कर दी गई थी, जिसमें कुल 17 प्लेयर्स के नाम शामिल थे और उसमें एक नाम 26 साल की भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी लालरेमसियामी का भी शामिल था, जिनको 13 नवंबर को जब राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने औपचारिक रूप से अवॉर्ड सौंपा तो उसी के साथ लालरेमसियामी मिजोरम की पहली खिलाड़ी बन गई जिनको अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
भारतीय महिला कबड्डी टीम की खिलाड़ी पूजा काजला का नाम भी अर्जुन अवॉर्ड पाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल था और उन्होंने भी राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में इस पुरस्कर को राष्ट्रपति से लिया। पूजा का महिला कबड्डी में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है।
शतरंज में उभरती हुई भारतीय महिला खिलाड़ी दिव्या जितेंद्र देशमुख को भी अर्जुन अवॉर्ड से राष्ट्रपति भवन में हुए समारोह में सम्मानित किया गया। दिव्या देशमुख एक भारतीय ग्रैंडमास्टर हैं, जिसमें उन्होंने साल 2024 में 18 साल की उम्र में महिलाओं की अंडर-20 वर्ल्ड चैंपियनशिप जीती थी। इसके अलावा दिव्या ने 45वें चेस ओलंपियाड में 9.5/11 पॉइंट्स स्कोर किए, तीसरे बोर्ड पर इंडिविजुअल गोल्ड मेडल जीता और भारत को टीम गोल्ड जीतने में भी अहम भूमिका अदा की थी।
मेरठ की रहने वाली भारतीय महिला एथलीट प्रियंका गोस्वामी को भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। प्रियंका गोस्वामी पैदल चाल की अंतरराष्ट्रीय एथलीट हैं। वह देश के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स, ओलंपिक गेम्स और एशियन गेम्स समेत कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खेलों में हिस्सा लेकर पदक जीत चुकी हैं। प्रियंका ने साल 2022 के कॉमनवेल्थ गेम्स में 10 हजार मीटर पैदल चाल में सिल्वर मेडल जीता था।
ग्रैंडमास्टर विदित संतोष गुजराथी को भी उनकी अंतरराष्ट्रीय सफलताओं के लिए अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। विदित ने फिडे शतरंज ओलंपियाड, फिडे ग्रैंड स्विस टूर्नामेंट और एशियाई खेलों जैसे बड़े ग्लोबल इवेंट्स पर देश के लिए शानदार प्रदर्शन किया है।
डेफ शूटिंग में शानदार उपलब्धि हासिल करने वाले भारतीय खिलाड़ी धनुष श्रीकांत का नाम भी इस बार अर्जुन अवॉर्ड पाने वाले खिलाड़ियों में शामिल था, जिसमें समारोह में राष्ट्रपति द्वारा उनको भी सम्मानित किया गया। धनुष ने टोक्यो में 25वें समर डेफलिंपिक्स में शूटिंग में भारत के लिए पहला गोल्ड मेडल जीतने के दौरान 10 मीटर एयर राइफल में वर्ल्ड रिकॉर्ड (डेफ कैटेगरी) में फिर से बनाया था।
भारतीय पुरुष कबड्डी टीम के स्टार खिलाड़ी सुरजीत को इस खेल में उनकी शानदार उपलब्धियों के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया। सुरजीत ने हांगझोऊ एशियाई खेलों और बुसान एशियाई कबड्डी चैम्पियनशिप में पदक जीते हैं।
भारतीय हाई जंप एथलीट और डेकाथलॉन के इवेंट में हिस्सा लेने वाले तेजस्वीन शंकर भी अब अर्जुन अवॉर्ड पाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं। तेजस्विन शंकर का पिछले एक साल में काफी शानदार प्रदर्शन कई ग्लोबल इवेंट्स में देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में डेकाथलॉन के इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रचा। इस बार इन खिलाड़ियों के अलावा पैरा शूंटिंग खिलाड़ी रुद्रांश खंडेलवाल, महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पुलेला गायत्री गोपीचंद, शूटिंग खिलाड़ी अखिल श्योराण, रोइंग खिलाड़ी अरविंद सिंह, पैरा एथलेटिक्स खिलाड़ी एकता भ्यान, मुक्केबाज नरेंद्र, हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल, महिला बैडमिंटन खिलाड़ी ट्रिसा जॉली और एथलेटिक्स खिलाड़ी मुबहम्मद अफजल वी को भी अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।



