latest-newsअपराधएनसीआर

दिल्ली में गैंगस्टर और पुलिस के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग, पैर में गोली लगने के बाद कुख्यात गैंग लीडर प्रकाश उर्फ चीना गिरफ्तार

संवाददाता

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने पटेल नगर इलाके में मुठभेड़ के बाद वांछित गैंगस्टर प्रकाश उर्फ आकाश उर्फ चीनू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस और बदमाश के बीच यह मुठभेड़ 12 और 13 नवंबर की दरमियानी रात शादीपुर फ्लाईओवर के पास हुई। पुलिस के मुताबिक, बदमाश ने रुकने का इशारा करने पर पुलिस टीम पर गोली चला दी। एक गोली कॉन्स्टेबल मुकुल के बेहद करीब से निकल गई। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।

शादीपुर फ्लाईओवर के पास मुठभेड़

दिल्ली पुलिस के अनुसार, 30 साल का प्रकाश नबी करीम थाने का घोषित अपराधी और हिस्ट्रीशीटर है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने पटेल नगर के शादीपुर फ्लाईओवर के पास कार्रवाई की थी। इस दौरान पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। गोली कॉन्स्टेबल मुकुल को छूते हुए निकलने से बच गई। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी।

अवैध पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल गैंगस्टर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, प्रकाश लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ अदालत की ओर से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता यानी कि BNSS की धारा 84 के तहत भी कार्रवाई शुरू की गई थी।

शोभायात्रा में हिंसा के बाद से था वांछित

पुलिस के मुताबिक, प्रकाश उर्फ चीनू की तलाश 13 सितंबर को हुई एक हिंसक घटना के मामले में की जा रही थी। उस दिन बाबा रामदेव जी की शोभायात्रा के दौरान प्रकाश उर्फ चीनू के गिरोह और उसके विरोधी विकास कालिया गिरोह के बीच झड़प हुई थी। इस मामले में नबी करीम थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। शुरुआत में हुई कहासुनी जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई थी। दोनों गुटों के बीच पथराव, मारपीट और गोलीबारी हुई थी। इस घटना से सदर बाजार और नबी करीम इलाकों में कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति पैदा हो गई थी।

हत्या और लूट समेत 15 आपराधिक मामलों में आरोपी

दिल्ली पुलिस के अनुसार, प्रकाश का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उसे इलाके में सक्रिय आपराधिक गिरोह के प्रमुख सदस्यों में शामिल मानती है। अब गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर गिरोह की गतिविधियों और अन्य आपराधिक मामलों से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। बता दें कि कुछ दिन पहले ही दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ में हाशिम बाबा गैंग के शूटर शिवम को भी गिरफ्तार किया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com