latest-newsदेश

दिल्ली के छठ पूजा का उत्सव शुरू, श्रद्धालुओं ने किया यमुना नदी में पवित्र स्नान

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बोले- यह पवित्रता और सामूहिकता का परिचय देता है

संवाददाता

नई दिल्ली। आस्था और भक्ति को समर्पित लोकआस्था के महापर्व छठ की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हुई। इस अवसर पर श्रद्धालु यमुना नदी के आईटीओ घाट पर पहुंचे और पवित्र स्नान कर पूजा-अर्चना की। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि छठ के गीतों में परिवार की पूरी पीढ़ी की याद आ जाती है। यह पर्व स्वच्छता, शुचिता और पवित्रता के साथ-साथ सामूहिकता का परिचय देता है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा, “लोकआस्था के इस महापर्व की जब शुरुआत होती है तो अपने आप में एक-एक बिहारवासी, एक-एक देशवासी, जो हिंदू परंपराओं के साथ इस पूजा से जुड़े हैं, सबके अंदर आस्था का एक अलग सैलाब देखने को मिलता है। छठ के गीतों में जिस प्रकार से परिवार की पूरी पीढ़ी ध्यान में आ जाती है कि हमारी दादी ने कैसे किया, हमारे पूर्वजों ने कैसे इस पर्व को किया।”

उन्होंने कहा कि मैं मानता हूं कि इतने बड़े परिवार का भाव किसी पूजा पद्धति में शायद ही देखने को मिलता है, जहां एक ओर प्रकृति की भी पूजा है, भगवान भास्कर से लेकर गंगा मैया तक की, और हमारे प्रसादों का, जो अलग-अलग दिनों में अलग-अलग प्रकार के बनते हैं, उनका एक अलग महत्व होता है। हमारे किसान भाइयों का भी इस पूरी पूजा पद्धति में एक अलग स्थान देखने को मिलता है।”

उन्होंने कहा कि यह पूजा हमारी स्वच्छता, शुचिता, पवित्रता के साथ-साथ सामूहिकता का एक बहुत बड़ा परिचय देती है। छठ पर्व तो हमारे घर-परिवार में होता है, इसलिए बचपन से ही यह आस्था जुड़ी है।

दिल्ली में चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व छठ के पहले दिन (13 नवंबर 2026) को ‘नहाय-खाय’ के रूप में मनाया गया, जिसके तहत श्रद्धालुओं ने यमुना नदी के विभिन्न घाटों (जैसे ITO घाट और सोनिया विहार) पर पहुंचकर पवित्र स्नान किया और पूजा-अर्चना की। पहला दिन नहाए खाए के रूप में मनाया जाता है।

इस वर्ष दिल्ली में छठ पूजा को लेकर प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं । इस बार राजधानी में 1,400 से अधिक छठ घाट तैयार किए गए हैं। शालीमार बाग के सिंगलपुर गांव के पास मुनक नहर के किनारे 11 किलोमीटर लंबा दिल्ली का सबसे बड़ा छठ घाट भी बनाया गया है। छठ महाेत्सव शुरू हाेंने से पहले  दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने घाटों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया है।

वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “लोक आस्था और सूर्य उपासना के पावन महापर्व छठ पूजा के प्रथम अनुष्ठान ‘नहाय-खाय’ की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। इस बार दिल्ली में छठ महापर्व और भी भव्य होगा। मुनक नहर के दोनों किनारों पर 11 किलोमीटर लंबे सुंदर छठ घाट तैयार किए गए हैं, ताकि आप सभी पूरे श्रद्धाभाव और सुविधा के साथ छठी मैया की पूजा कर सकें। छठी मैया से प्रार्थना है कि हर परिवार पर उनकी कृपा बनी रहे, हर घर में सुख, शांति और समृद्धि आए।”

नरेंद्र मोदी ने दी छठ महापर्व की शुभकामनाएं, कहा- ‘सबको छठी मइया का आशीर्वाद मिले, यही कामना’

pm modi wishes on chhath puja- India TV Hindi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शुक्रवार को ट्वीट कर के छठ महापर्व की शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर पोस्ट किया और कहा- “लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय पावन अनुष्ठान महापर्व छठ के शुभारंभ पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ। आज नहाय-खाय है। सभी व्रतियों को मेरा नमन। सबको छठी मइया का आशीर्वाद मिले, यही कामना है।”

रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़

आज नहाय-खाय के साथ छठ का ये त्योहार शुरू हो गया है। जगह-जगह घाटों को सजाया जा रहा है। छठ घाट की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई हो रही है, बाजार सज गए हैं और छठ मनाने के लिए लोग अपने-अपने घर जा रहे हैं। ऐसे में तमाम रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com