देश

राजस्थान पंचायत चुनाव में हुए बड़े उलटफेर: DIG की पत्नी हारीं, मंत्री खर्रा का कुनबा साफ; सांसद-विधायकों के परिजन भी पस्त

संवाददाता

जयपुर । राजस्थान के 37 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के लिए 20 नवंबर को हो रही मतगणना में कई चौंकाने वाले नतीजे सामने आ रहे हैं. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, राजस्थान पंचायत चुनावों में सत्तारुढ़ बीजेपी का बड़ा झटका लगा है. पंचायतराज चुनावों में जिला परिषद और पंचायत समितियों के सदस्यों के आए परिणामों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन किया है. इसके साथ आरएलपी और बीएपी ने जोरदार उपस्थित दर्ज कराई है. बीजेपी को इन चुनावों में अपेक्षा के अनुरुप सफलता मिलती नहीं दिख रही है. इन चुनावों ने एक बार फिर से साबित कर दिया कि ग्रामीण इलाकों में कांग्रेस बीजेपी के मुकाबले बेहतर स्थिति में है. दोपहर तक आए परिणामों में सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों के कई दिग्गज नेताओं और अधिकारियों के रिश्तेदारों को मतदाताओं ने नकार दिया है. कहीं मंत्री के परिवार के सदस्य चुनाव हार गए हैं, तो कहीं सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के परिजनों को भी शिकस्त मिली है.

इन नतीजों ने राजस्थान की स्थानीय राजनीति में नए समीकरण पैदा कर दिए हैं. एक तरफ दिग्गज नेताओं के परिवारों को हार मिली, तो दूसरी तरफ कुछ राजनीतिक परिवारों ने अपनी पकड़ मजबूत दिखाई. खास तौर पर अजमेर में सुशील कंवर पलाड़ा की हार और सीकर में मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार की शिकस्त चुनाव के सबसे चर्चित नतीजों में शामिल हो गई है. जानिए राजस्थान के ग्रामीण चुनाव के सबसे बड़े उलटफेर.

राजस्थान पुलिस के DIG की पत्नी को मिली करारी हार: सीकर जिला परिषद के वार्ड नंबर 47 के हाई-प्रोफाइल मुकाबले में बड़ा उलटफेर हुआ है. यहां राजस्थान पुलिस के डीआईजी (DIG) अरशद अली की पत्नी जरीना खान चुनाव हार गई हैं. भाजपा के टिकट पर मैदान में उतरीं जरीना खान को कांग्रेस प्रत्याशी नसीम बानो ने 1,627 वोटों के बड़े अंतर से शिकस्त दी है.

राजस्थान पंचायत चुनाव के 10 उलटफेर: DIG की पत्नी, मंत्री का परिवार तक हारा
राजस्थान की ग्रामीण राजनीति में बड़ा उलटफेर: DIG की पत्नी हारीं

कैबिनेट मंत्री झाबर सिंह खर्रा का पूरा परिवार ढेर: भजनलाल सरकार में नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा को अपने गृह क्षेत्र में बड़ा झटका लगा है. श्रीमाधोपुर पंचायत समिति के वार्ड 17 से उनकी पत्नी शांति देवी कांग्रेस की सरिता जाट से मात्र 51 वोटों से हार गईं. वहीं वार्ड 19 से बड़े बेटे दुर्गा सिंह और वार्ड 20 से छोटे बेटे अजय सिंह (60 वोटों से) भी चुनाव हार गए.

मंत्री खर्रा के छोटे भाई की पत्नी भी हारीं: मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार की हार का सिलसिला यहीं नहीं थमा. सीकर जिला परिषद के वार्ड नंबर 23 से चुनाव लड़ रहीं मंत्री के छोटे भाई की पत्नी प्रतिमा खर्रा को भी हार का मुंह देखना पड़ा है. अपने ही गढ़ में पूरे कुनबे की हार ने सियासी गलियारों में हलचल बढ़ा दी है.

सांसद संजना जाटव के जेठ को मिली शिकस्त: अलवर जिले की ग्रामीण राजनीति में भी बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. यहाँ की कठूमर पंचायत समिति के चुनाव में कांग्रेस सांसद संजना जाटव के जेठ श्रीनिवास जाटव अपनी सीट नहीं बचा सके. स्थानीय मतदाताओं ने सांसद के परिवार के बजाय दूसरे प्रत्याशी पर भरोसा जताया और उन्हें हार का सामना करना पड़ा.

भाजपा विधायक रमेश खींची की दोनों बहुएं हारीं: अलवर के कठूमर क्षेत्र से ही भाजपा विधायक रमेश खींची के परिवार को दोहरा झटका लगा है. पंचायत समिति चुनाव में मैदान में उतरीं विधायक की दोनों पुत्रवधुएं चुनाव हार गई हैं. उनकी बहू बिंदू वार्ड नंबर 11 से और दूसरी बहू दीपिका वार्ड नंबर 12 से अपनी-अपनी सीटें गंवा बैठीं.

डेगाना विधायक की भाभी बड़े अंतर से हारीं: नागौर जिले की डेगाना पंचायत समिति के वार्ड नंबर 13 में भी दिग्गज नेता के परिवार को करारी हार मिली है. यहाँ भाजपा विधायक अजय सिंह किलक की भाभी मनदीप चौधरी चुनाव हार गईं. कांग्रेस प्रत्याशी प्रियंका चौधरी ने उन्हें 1,539 वोटों के बड़े अंतर से हराकर यह सीट अपने नाम कर ली.

तारानगर विधायक नरेंद्र बुडानिया की पत्नी चुनाव हारीं: चूरू जिले की ग्रामीण राजनीति में भी बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. यहां जिला परिषद चुनाव में तारानगर से कांग्रेस विधायक नरेंद्र बुडानिया की पत्नी कनिका बुडानिया अपनी सीट नहीं बचा सकीं. इस कड़े मुकाबले में बीजेपी के उम्मीदवार नरेश सहारण ने कनिका बुडानिया को शिकस्त देकर शानदार जीत दर्ज की है.

बूंदी भाजपा जिलाध्यक्ष की पत्नी को बड़ी हार: बूंदी जिले की राजनीति में भी सत्ताधारी दल को तगड़ा झटका लगा है. बूंदी जिला परिषद के वार्ड नंबर 24 से भाजपा जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा की पत्नी आशा मीणा चुनाव हार गई हैं. उन्हें कांग्रेस की उम्मीदवार कांता मीणा ने 5,209 वोटों के बहुत बड़े अंतर से पराजित किया है.

सीकर भाजपा जिलाध्यक्ष और पूर्व जिलाध्यक्ष भी हारीं: सीकर जिले में भाजपा संगठन के बड़े चेहरों के परिवार भी चुनाव हार गए हैं. सीकर भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ की पत्नी गणपति बाटड़ को जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस की रजनी बाटड़ ने हराया. इसके अलावा वार्ड 48 से भाजपा की पूर्व जिलाध्यक्ष इंद्रा चौधरी भी चुनाव हार गई हैं.

MLA रहीं सुशील कंवर जिला परिषद हारीं तो नरेंद्र बुडानिया की पत्नी भी हारीं
पूर्व विधायक सुशील कंवर पलाड़ा जिला परिषद चुनाव हारीं.

पूर्व विधायक सुशील कंवर पलाड़ा चुनाव हारीं: अजमेर जिले की ग्रामीण राजनीति में भी बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. मसूदा से पूर्व विधायक और अजमेर की पूर्व जिला प्रमुख रहीं भाजपा नेता सुशील कंवर पलाड़ा खुद जिला परिषद चुनाव हार गई हैं. दिग्गज नेता की इस हार ने अजमेर के सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है.

राजेंद्र राठौड़ के परिवार की दोनों सीटों पर जीतः दूसरी तरफ बीजेपी नेता राजेंद्र राठौड़ के परिवार ने चुरू जिला परिषद चुनाव में अपनी प्रतिष्ठा कायम रखी. उनके बेटे पराक्रम राठौड़ और पुत्रवधू कनिका राठौड़ ने शानदार जीत दर्ज की. वार्ड नंबर 39 से पराक्रम राठौड़ ने केशर चंद को 7,810 वोटों से हराया. पराक्रम को 17,861 वोट मिले, जबकि केशर चंद को 10,051 मत प्राप्त हुए. वार्ड नंबर 23 से कनिका राठौड़ (कनिका सिंह) ने आशा स्वामी को 2,384 वोटों से पराजित किया. कनिका को 13,303 और आशा स्वामी को 10,919 वोट मिले.

अजीतगढ़ में कांग्रेस का दबदबा, बीजेपी तीन सीटों पर सिमटीः अजीतगढ़ पंचायत समिति के नतीजे भी बीजेपी के लिए बड़ा झटका हैं. यहां कांग्रेस ने 17 में से 13 सीटों पर जीत दर्ज की. बीजेपी को केवल तीन सीटें मिलीं, जबकि एक सीट पर आरएलपी ने कब्जा जमाया.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com