
संवाददाता
गाजियाबाद। जिला एमएमजी अस्पताल का शनिवार को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मेरठ मंडल के अपर निदेशक डॉक्टर मनोज सेन और संयुक्त निदेशक डॉक्टर अशोक तालियान ने आकस्मिक निरीक्षण किया।अपर निदेशक ने सबसे पहले स्वास्थ्य सेवाओं के लिए खरीदे गए सामान के लंबित भुगतान का सत्यापन किया। कई बिलों को लेकर उन्होंने आपत्ति दर्ज करते हुए ठीक करने के निर्देश दिए।
ओपीडी का बारीकी से जायजा लिया। ईसीजी का रजिस्टर देखने पर मरीजों का विवरण अधूरा मिला। एंटी रेबीज वैक्सीन कक्ष के रजिस्टर में भी खामियां मिलने पर संबंधित के प्रति नाराजगी जताई।फिजिशियन की ओपीडी के सामने मरीज सुमन को रोककर पूछा कि दवाएं पूरी मिली या नहीं। महिला ने बताया कि दो दवा मिली है एक नहीं।इस पर सीएमएस को निर्देश दिए कि मरीजों को पूरी दवाई मिलनी चाहिए।
कई गड़बड़ियों के साथ चल रहा अस्पताल
इमरजेंसी में मेडिसिन ट्रे खाली देखकर जांच के निर्देश दिए। एक इंजेक्शन तीन महीने की एक्सपायरी तिथि के बीच का मिला जो मानको के विपरीत है। एक इंजेक्शन दूसरे इंजेक्शन की ट्रे में रखा हुआ मिला।बायो मेडिकल वेस्ट निस्तारण सही नहीं पाया गया।



