
संवाददाता
पाैढी गढवाल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार आज हरिद्वार के चंडीघाट पर होगा, जिसमें कई नेता शामिल होंगे. सीएम योगी ने अपनी मां को श्रद्धांजलि दी. उनकी तस्वीर पर फूल चढ़ाए. इस दौरान वो काफी भावुक नजर आए. इसके साथ ही सीएम ने अपनी मां सावित्री देवी की अंतिम यात्रा के दौरान उनकी अर्थी को कंधा भी दिया.
सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में शुक्रवार (20 नवंबर 2026) सुबह करीब 11 बजे उनके पैतृक गांव पंचूर (पौड़ी, उत्तराखंड) में निधन हुआ था. वो लंबे समय से बीमार थीं. शनिवार को जब मां की अंतिम यात्रा निकली तो सीएम योगी रो पड़े. वह बेहद भावुक नजर आए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े.
‘मां जैसी कोई छाया नहीं…’
सीएम योगी ने सोशल मीडिया पर मां को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा ‘मां जैसी कोई छाया नहीं, मां जैसी कोई गति नहीं मां जैसा कोई रक्षक नहीं, मां जैसा कोई प्रिय नहीं’.
सीएम ने मां की अर्थी को कंधा दिया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां की अर्थी को कंधा दिया. उनकी पार्थिव देह को अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार ले जाया जा रहा है. उन्होंने भावुक मन से मां को घर में अंतिम नमन किया. वह काफी देर तक चुुपचाप खड़े रहे. मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए और माथा टेककर अंतिम प्रणाम किया. नम आंखों और भारी मन से मां को विदा करते सीएम योगी का यह भावुक पल हर किसी को भावुक कर देने वाला है.
अंतिम संस्कार में सीएम धामी समेत कई नेता होंगे शामिल
माता सावित्री देवी का अंतिम संस्कार आज हरिद्वार के चंडीघाट पर होगा. मां की अंत्येष्टि और अन्य रस्में पूरी करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ लौटेंगे. अंतिम यात्रा में सीएम योगी के साथ बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं. अंतिम संस्कार में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनके मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, बीजेपी के वरिष्ठ नेता उत्तर प्रदेश के कई वरिष्ठ मंत्री और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के साधु संत बड़ी संख्या में अंतिम संस्कार में पहुंचेंगे. वहीं उत्तर प्रदेश सरकार के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह समेत कई मंत्री शामिल हो सकते हैं.
पचूर गांव में रहती थीं सीएम की मां
सीएम योगी की मां सावित्री देवी पचूर गांव में ही रहती थीं. सीएम योगी की मां से आखिरी मुलाकात इसी साल 7 मई को हुई थी, जब वह पंचूर पहुंचे थे और मां का आशीर्वाद लिया था. सीएम योगी गोरखपुर में थे, जब उन्हें अपनी मां सावित्री देवी के निधन की खबर मिली. खबर मिलते ही वह लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से विमान के जरिए देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे. वहां से सड़क मार्ग से अपने पैतृक गांव पंचूर के लिए रवाना हुए. शुक्रवार शाम करीब 5:15 बजे वह पंचूर पहुंचे. गांव पहुंचते ही मां के पार्थिव शरीर को देखकर सीएम भावुक हो गए. उन्होंने पुष्प अर्पित कर सावित्री देवी को श्रद्धांजलि दी.



