
संवाददाता
नई दिल्ली। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने दिल्ली से जम्मू-कश्मीर तक फैले नशीली दवाओं की अवैध सप्लाई के एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. एनसीबी जम्मू और दिल्ली की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जांच में खुलासा हुआ है कि दिल्ली के शाहदरा इलाके में किराये के मकान में एक गुप्त गोदाम बनाया गया था, जहां बड़ी मात्रा में नशीली और प्रतिबंधित दवाएं जमा की जाती थीं. यहां से इन दवाओं की सप्लाई जम्मू-कश्मीर और कश्मीर घाटी तक की जा रही थी.
कार्रवाई के दौरान शाहदरा स्थित गोदाम से पांच लाख से अधिक टैबलेट, कैप्सूल और दवाओं की बोतलें बरामद की गई हैं. इनमें ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड, अल्प्राजोलम, नाइट्राजेपम और कोडीन युक्त दवाएं शामिल हैं. इसके अलावा दिल्ली में नेटवर्क से जुड़े लोगों के पास से कोडीन कफ सिरप की 356 बोतलें भी जब्त की गई हैं. एनसीबी अब इस पूरे नेटवर्क के सप्लायर, डिस्ट्रीब्यूटर और आर्थिक लेन-देन से जुड़ी कड़ियों की जांच कर रही है.
बस की तलाशी से खुला नेटवर्क
एनसीबी की जांच की शुरुआत 16 नवंबर की सुबह हुई, जब जम्मू की टीम ने जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में चेनानी के पास माडा टोल प्लाजा पर श्रीनगर जा रही एक यात्री बस को रोका. बस की तलाशी के दौरान डोडा जिले के भद्रवाह निवासी एक व्यक्ति के पास से करीब सात किलोग्राम कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया. शुरुआती जांच में यह सामने आया कि बरामद कफ सिरप की खेप कश्मीर घाटी में पहुंचाई जानी थी. इसके बाद एनसीबी ने पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ और अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं. जांच आगे बढ़ने पर एजेंसी को कश्मीर घाटी में इस खेप को प्राप्त करने वाले कथित मुख्य रिसीवर का पता चला. अनंतनाग निवासी इस आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया. पूछताछ और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर एजेंसी को पता चला कि इस अवैध कारोबार का एक बड़ा हिस्सा दिल्ली से संचालित हो रहा था.

दिल्ली में 356 बोतल कफ सिरप बरामद
इसके बाद एनसीबी जम्मू और दिल्ली की टीम ने 18 नवंबर को राष्ट्रीय राजधानी में संयुक्त कार्रवाई की. इस दौरान दवाओं की सप्लाई से जुड़े लोगों को पकड़ा गया और उनके कब्जे से कोडीन कफ सिरप की 356 बोतलें बरामद की गईं. आरोपियों से पूछताछ के दौरान दिल्ली के शाहदरा इलाके में किराये के मकान में संचालित एक गुप्त गोदाम के बारे में जानकारी मिली. इस सूचना के आधार पर एनसीबी की टीम ने 18 और 19 नवंबर को शाहदरा स्थित परिसर में छापेमारी की. तलाशी के दौरान वहां बड़ी मात्रा में दवाओं का भंडार मिला. अधिकारियों ने पांच लाख से अधिक टैबलेट, कैप्सूल और दवाओं की बोतलें जब्त कीं. बरामद दवाओं में ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड, अल्प्राजोलम, नाइट्राजेपम और कोडीन युक्त दवाएं शामिल हैं. इतनी बड़ी मात्रा में दवाओं की बरामदगी से आशंका है कि इस गोदाम का इस्तेमाल अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध सप्लाई के लिए किया जा रहा था.



