
संवाददाता
नई दिल्ली । राजधानी दिल्ली में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के बीच मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) अशोक कुमार का स्थानांतरण जम्मू-कश्मीर कर दिया गया है. 2006 बैच के आइएएस अधिकारी अशोक कुमार ने 13 फरवरी 2026 को दिल्ली सीईओ का पदभार संभाला था और अब नवंबर में उनके तबादले के आदेश जारी हुए हैं. महज नौ महीने के कार्यकाल में ही उनका स्थानांतरण हो जाना प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है.
नियुक्ति के समय उन्हें राजधानी में SIR प्रक्रिया की निगरानी की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई थी. वर्तमान में मतदाता सूची को लेकर दावा और आपत्ति (क्लेम और ऑब्जेक्शन) दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है. लोगों के पास अपना नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरकर आवेदन करने का अवसर 25 नवंबर तक उपलब्ध है, जबकि अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर को जारी होनी है. हालांकि, सीईओ कार्यालय के एक अधिकारी के अनुसार, इस तबादले का एसआइआर प्रक्रिया से सीधा संबंध नहीं है.
47 लाख नाम हटने के बाद विवाद, सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा मामला
अशोक कुमार इससे पहले दिल्ली सरकार में सामान्य प्रशासन विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत थे और श्रम विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे. राजधानी में उनके नेतृत्व में 30 जून से एसआइआर की प्रक्रिया शुरू हुई थी. इसके तहत 17 अगस्त तक एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित और एकत्र किए गए थे. इसके बाद 31 अगस्त को ड्राफ्ट रोल प्रकाशित की गई, जिसमें लगभग डेढ़ करोड़ मतदाताओं में से 47 लाख नाम सूची से बाहर हो गए थे. इन नामों को अनुपस्थित (एब्सेंट), स्थानांतरित (शिफ्ट), मृत (डेड) और दोहरी प्रविष्टि (डुप्लीकेट) की श्रेणियों में रखा गया था. ड्राफ्ट रोल से बड़ी संख्या में नाम कटने के बाद खासा विवाद और हंगामा खड़ा हुआ था. यह प्रकरण सर्वोच्च न्यायालय में भी विचाराधीन है. इस बीच, सीईओ कार्यालय की ओर से सूची से बाहर हुए 47 लाख लोगों का रीवेरिफिकेशन किया जा रहा है. साथ ही, अपना पता बदलने वाले मतदाताओं की तलाश और पहचान की प्रक्रिया भी जारी है. ऐसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण चरण में मुख्य निर्वाचन अधिकारी के तबादले को लेकर विभिन्न स्तरों पर नजरें टिकी हुई हैं.
SIR में मतदाता सूची से बाहर हुए 40 लाख से अधिक लोगों का नाम कटना तय!
31 अगस्त से 18 नवंबर के बीच राजधानी के 13 जिलों में नाम जुड़वाने के लिए 47 लाख लोगों में से कुल 3,18,409 फॉर्म-6 जमा हुए हैं. इनमें सबसे अधिक 38,790 आवेदन वेस्ट जिले से प्राप्त हुए हैं. इसके बाद नॉर्थ ईस्ट जिले में 31,141 और ईस्ट जिले में 30,383 लोगों ने आवेदन किया है. दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, अन्य जिलों में साउथ ईस्ट से 30,540, नॉर्थ वेस्ट से 30,313, साउथ वेस्ट से 28,238, साउथ से 27,424, आउटर नॉर्थ से 23,207 और नॉर्थ जिले से 22,679 आवेदन आए हैं. इसके अलावा सेंट्रल नॉर्थ में 21,532, ओल्ड दिल्ली में 14,383, सेंट्रल में 14,164 और नई दिल्ली जिले में 5,615 फॉर्म-6 जमा हुए हैं. आंकड़ों के मुताबिक, एसआइआर से पहले यानी 30 अगस्त तक 2,12,400 फॉर्म-6 मिले थे.
नाम हटाने और संशोधन के लिए भी मिले आवेदन
नाम जुड़वाने के साथ-साथ नाम हटाने और विवरण में संशोधन के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन आए हैं. एसआइआर अवधि के दौरान मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के 33,018 आवेदन मिले, जबकि 30 अगस्त तक ऐसे 51,471 आवेदन प्राप्त हुए थे. वहीं, नाम, पता व अन्य जानकारियों में बदलाव के लिए फॉर्म-8 के 1,18,222 आवेदन आए हैं, जबकि 30 अगस्त तक यह संख्या 2,60,768 थी. सीईओ कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि दावा और आपत्ति (क्लेम और ऑब्जेक्शन) दर्ज कराने की प्रक्रिया 25 नवंबर को समाप्त हो जाएगी, जिसके बाद इस अवधि के तहत नए आवेदन स्वीकार नहीं होंगे. 25 नवंबर तक प्राप्त आवेदनों का निस्तारण 15 दिसंबर तक किया जाएगा और अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर को जारी होगी.



