latest-newsदेश

‘जन्मदिन मुबारक, शेरनी!’ प्रियंका गांधी ने दादी इंदिरा को यूं किया याद, कहा- आपकी जैसी दूसरी कोई कभी नहीं होगी

संवाददाता

नई दिल्ली । पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की आज 109वीं जयंती है। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस संसदीय दल चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने दिल्ली स्थित ‘शक्ति स्थल’ पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर कांग्रेस नेता और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी अपनी दादी को याद करते हुए बेहद खास पोस्ट किया है। इसमें उन्होंने दादी इंदिरा को ‘शेरनी’ कहकर संबोधित किया है।

इंदिरा गांधी की आज 109वीं जयंती, पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि

दादी इंदिरा संग प्रियंका ने शेयर की तस्वीर

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक्स पर एक तस्वीर शेयर की है। इसमें वे अपनी छोटी उम्र में दादी इंदिरा गांधी के साथ खेलते हुए नजर आ रही हैं। उन्होंने अपनी इस पोस्ट में दादी इंदिरा गांधी को ‘शेरनी’ बताया और कहा कि ‘आपकी जैसी दूसरी कोई कभी नहीं होगी।’ प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को एक्स पोस्ट में लिखा, ‘जन्मदिन मुबारक हो, शेरनी! तुम्हारे जैसी दूसरी कोई कभी नहीं होगी।

Image

खरगे – सोनिया गांधी ने इंदिरा गांधी को ऐसे किया याद

Image

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए इंदिरा गांधी को अदम्य साहस, संघर्ष और सशक्त नेतृत्व की प्रतीक बताया। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि भारत की ‘लौह महिला’ और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर शत-शत नमन। देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए उन्होंने अपना जीवन न्योछावर कर दिया। राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण, योगदान, दृढ़ इच्छाशक्ति और निर्णायक नेतृत्व सदैव हमारी प्रेरणा बना रहेगा। साेनिया गांधी ने भी शक्ति स्थल पर जाकर इंदिरा गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर खड़गे, प्रियंका ने दी श्रद्धांजलि, योगदान को किया याद

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती पर कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने गुरुवार को अपनी पहली मुलाकात को याद किया। उन्होंने इंदिरा गांधी को एक ‘प्यारी और सौम्य’ शख्सियत बताया और कहा कि वे हमेशा दूसरों को सहज महसूस कराती थीं। सोनिया गांधी ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर इंदिरा गांधी मेमोरियल में अपनी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा और नातिन मिराया वाड्रा के साथ बातचीत का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री से जुड़ी अपनी यादों और अनुभवों को साझा किया। वीडियो शेयर करते हुए सोनिया ने लिखा, “जब मुझे पहली बार इंदिरा गांधी से मिलना था, तो मैंने जाने से मना कर दिया था। अगले दिन मैंने अपना इरादा बदल लिया। मैं बहुत घबराई हुई थी और मेरी अंग्रेजी भी कमजोर थी, इसलिए उन्होंने मुझसे फ्रेंच में बात की। उनके बारे में मैंने सबसे पहली बात यही सीखी, वह समझ जाती थीं कि आप किस चीज से जूझ रहे हैं और चुपचाप उसे आसान बना देती थीं।” उन्होंने आगे लिखा, “दुनिया उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में जानती थी, लेकिन घर पर वह सबकी ‘दादी’ थीं। एक ऐसी प्यारी और सौम्य शख्सियत, जो जो कहानियों और समझदारी से भरी थीं और कमाल का सेंस ऑफ ह्यूमर था। हम सभी में उनका कुछ न कुछ अंश मौजूद है, चाहे हमें इसका पता हो या न हो। हम आज भी उन्हें याद करते हैं।”

पीएम मोदी ने भी इंदिरा गांधी को दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, ‘पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि।’ केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें याद किया। एनसीपी-एसपी प्रमुख शरद पवार ने भी पोस्ट किया है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि मुश्किल दौर में देश का नेतृत्व करते हुए इंदिरा गांधी ने भारतीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई।

कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा भी याद किया

कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने लिखा, “भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें सादर नमन। अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और निर्णायक नेतृत्व की प्रतीक इंदिरा जी ने देश की एकता, अखंडता और आत्मनिर्भरता को मजबूत बनाने में ऐतिहासिक योगदान दिया। राष्ट्रहित के प्रति उनका समर्पण, गरीबों और वंचितों के उत्थान का संकल्प तथा एक सशक्त भारत के निर्माण के लिए उनकी दूरदर्शिता सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी।”

शरद पवार ने एक्स पोस्ट में क्या कहा

इंदिरा गांधी को याद करते हुए शरद पवार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की भूमिका को दृढ़ता से रखना, देश की सुरक्षा के मुद्दों को संभालना और आर्थिक-सामाजिक नीतियों के माध्यम से देश की प्रगति पर प्रभाव डालना, ये उनके कार्यकाल की महत्वपूर्ण बातें थीं। उनके राजनीतिक सफर से नेतृत्व में साहस, फैसलों के दूरगामी परिणाम और लोकतंत्र में जवाबदेही पर विचार करने का अवसर मिलता है। भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर उनकी स्मृति को विनम्र श्रद्धांजलि।

केरलम के मुख्यमंत्री ने इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी

केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने बृहस्पतिवार को भारत की पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत इंदिरा गांधी को उनकी 109वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के अवसर पर भी शुभकामनाएं दीं। यह दिन इंदिरा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। उन्होंने लिखा, ‘साहस की विरासत, दृढ़ विश्वास से भरा जीवन। श्रीमती इंदिरा गांधी जी को उनकी जयंती पर याद करते हुए राष्ट्रीय एकता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। हम हमेशा भावना और उद्देश्य के स्तर पर एकजुट रहें।’

कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने भी दी श्रद्धांजलि

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भी इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की और देश के विकास में उनके योगदान को याद किया। एक्स हैंडल पर अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री शिवकुमार ने कहा कि इंदिरा गांधी के कार्यकाल में देश ने कई महत्वपूर्ण राजनीतिक, आर्थिक और संस्थागत बदलाव देखे। उन्होंने कृषि उत्पादन को मजबूत करने, बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और भारत के अंतरिक्ष एवं परमाणु कार्यक्रमों को समर्थन देने में इंदिरा गांधी की भूमिका का उल्लेख किया।

1917 में इलाहाबाद में हुआ था जन्म

भारत की ‘आयरन लेडी’ के नाम से मशहूर इंदिरा गांधी का जन्म 19 नवंबर, 1917 को उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में एक कश्मीरी पंडित परिवार में हुआ था। वह भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और कमला नेहरू की बेटी थीं। इंदिरा गांधी ने 1966 से 1977 तक प्रधानमंत्री के रूप में देश की कमान संभाली। इसके बाद जनवरी 1980 में वह दोबारा प्रधानमंत्री बनीं और 1984 में उनकी हत्या होने तक इस पद पर रहीं।

1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में निभाई अहम भूमिका

इंदिरा गांधी के प्रधानमंत्री कार्यकाल की सबसे महत्वपूर्ण घटनाओं में से एक 1971 का भारत-पाकिस्तान युद्ध था। उनके नेतृत्व में लड़े गए इस युद्ध के परिणामस्वरूप बांग्लादेश का गठन हुआ। इस संघर्ष में उनकी भूमिका ने उन्हें निर्णायक फैसले लेने वाली और मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति वाली नेता के रूप में स्थापित किया। उनकी जयंती 19 नवंबर को प्रतिवर्ष राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है। इस दिन को राष्ट्रीय एकता और अखंडता में उनके योगदान को याद करने के लिए समर्पित किया गया है।

ऑपरेशन ब्लूस्टार के कुछ महीने बाद हुई थी हत्या

इंदिरा गांधी की 31 अक्तूबर, 1984 को उनके दो अंगरक्षकों ने हत्या कर दी थी। यह घटना ऑपरेशन ब्लूस्टार के कुछ महीने बाद हुई थी। ऑपरेशन ब्लूस्टार सैन्य अभियान था, जिसे अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर परिसर में छिपे सशस्त्र अलगाववादियों को बाहर निकालने के लिए शुरू किया गया था। स्वर्ण मंदिर सिख धर्म के सबसे पवित्र धार्मिक स्थलों में से एक है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com