latest-newsविदेश

बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस के घर में आग लगाई: ढाका में कई जगह बम धमाके; हसीना की पार्टी का बंद का ऐलान, 565 गिरफ्तार

बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा, ढाका में बम धमाके... दो नेताओं की मौत

संवाददाता

ढाका । बांग्लादेश में अवामी लीग के देशव्यापी बंद के ऐलान के बीच हिंसा भड़क गई है। राजधानी ढाका में सुबह होने से पहले कई जगह देसी बम धमाके हुए। देश के कई हिस्सों में आगजनी, तोड़फोड़ और हमलों की घटनाएं हुई हैं।

प्रदर्शनकारियों ने पिछली अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस के चटगांव के पुश्तैनी घर में आग लगा दी। देश के अलग-अलग हिस्सों में उनके ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं में भी आग लगाई गई।

ढाका में शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के दो नेताओं के घरों पर भी हमले हुए। इन हमलों के पीछे प्रधानमंत्री तारिक रहमान की पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के कार्यकर्ताओं का हाथ होने की आशंका है।

बांग्लादेश के चटगांव में मुहम्मद यूनुस का पुश्तैनी घर। तस्वीर 19 नवंबर 2026 की है।
बांग्लादेश के चटगांव में मुहम्मद यूनुस का पुश्तैनी घर। तस्वीर 19 नवंबर 2026 की है।

ढाका में लॉकडाउन से पहले 565 लोग गिरफ्तार

अवामी लीग ने देशभर में लॉकडाउन का ऐलान किया है। इसके बाद पुलिस ने राजधानी ढाका में 24 घंटे में 565 लोगों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार लोगों में हसीना सरकार में शिक्षा मंत्री रहे नुरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं। उन्हें बुधवार आधी रात को उनके ढाका स्थित घर से हिरासत में लिया गया।

अवामी लीग ने यह लॉकडाउन या बंद पिछले साल विशेष ट्रिब्यूनल के उस फैसले की बरसी पर बुलाया था, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई गई थी।

हसीना पर जुलाई 2024 के छात्र आंदोलन को दबाने के दौरान मानवता के खिलाफ अपराध करने का आरोप था।

28 जिलों में बम धमाके और आगजनी

पिछले दो दिनों में बांग्लादेश के 28 जिलों में देसी बम धमाके हुए और गाड़ियों में आग लगाई गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कम से कम दो BNP कार्यालयों और पार्टी के एक नेता के घर को भी आग के हवाले किया गया।

वहीं, अवामी लीग के दो पार्टी कार्यालयों और पार्टी नेताओं की पांच संपत्तियों में आग लगाई गई। पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी है।

प्रमुख फ्लाईओवर पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। शहर में आने-जाने वाले रास्तों पर वाहनों की जांच की जा रही है। संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों और गाड़ी चालकों से पूछताछ भी हो रही है।

तारिक रहमान ने अवामी लीग के खिलाफ एकजुट होने की अपील की

प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बुधवार रात राजनीतिक दलों और लोकतांत्रिक ताकतों से अवामी लीग की दोबारा सक्रियता रोकने के लिए एकजुट होने की अपील की। उन्होंने अवामी लीग को आतंकी संगठन और सत्ता से हटाई गई फासीवादी ताकत बताया।

संसद में अपने संबोधन में तारिक ने कहा कि 2024 की तरह एक बार फिर एकजुट होकर ऐसी ताकतों को निर्णायक रूप से हराना होगा। उन्होंने BNP के सांसदों से अपने-अपने चुनाव क्षेत्रों में लौटने और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सड़कों पर सक्रिय रहने को भी कहा।

द डेली स्टार के मुताबिक, तारिक ने सांसदों से कहा कि अवामी लीग के कार्यकर्ताओं का मुकाबला करने के लिए सिर्फ सरकारी मशीनरी पर निर्भर न रहें, बल्कि पार्टी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करें।

हसीना की वापसी के ऐलान के बाद बढ़ा तनाव

बांग्लादेश में 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना की सरकार गिर गई थी। इसके बाद मोहम्मद यूनुस ने अंतरिम सरकार की कमान संभाली थी।

उनकी सरकार ने अवामी लीग को भंग कर दिया था और पार्टी के हजारों नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था।

हसीना इस समय भारत में रह रही हैं। उन्होंने जुलाई 2026 में दिसंबर में बांग्लादेश लौटने और वहां की अदालत में कानूनी प्रक्रिया का सामना करने की इच्छा जताई थी।

इस महीने उन्होंने दोबारा कहा कि वह हर हाल में दिसंबर में लौटेंगी। इसके बाद से देश में राजनीतिक तनाव बढ़ा है।

हसीना के गृहनगर से हिंसा की शुरुआत हुई

सबसे पहले हसीना के गृहनगर तुंगीपारा में तनाव बढ़ा। मंगलवार को अवामी लीग का समर्थक होने के शक में कई युवाओं को गिरफ्तार किया गया था।

इसके बाद सैकड़ों लोगों ने स्थानीय पुलिस स्टेशन को घेर लिया। एक स्थानीय पत्रकार के मुताबिक, उस समय थाने में करीब 30 संदिग्ध कार्यकर्ताओं को हिरासत में रखा गया था।

गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने हिंसा करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान के लिए ऑडियो और वीडियो सबूतों का इस्तेमाल किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com