latest-newsदेश

पश्चिम बंगाल विधानसभा भंग होने के बाद बीजेपी के नए मुख्यमंत्री का ऐलान आज, अमित शाह कोलकाता पहुंचे

संवाददाता

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि ने विधानसभा को भंग कर दिया है. राज्यपाल आरएन रवि ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 174(2)(b) के तहत 7 मई 2026 से प्रभावी रूप से राज्य विधानसभा को भंग करने का आदेश जारी किया है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफा देने से इनकार करने के बाद गर्वनर का यह कदम, भाजपा को नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने का रास्ता साफ करता है.

सूत्रों की मानें तो राजभवन कल, शुक्रवार को, चुनावों में बहुमत पाने वाली पार्टी को नई सरकार बनाने के लिए ऑफिशियली बुला सकता है. इसके बाद, संबंधित पार्टी गवर्नर को एक लेटर सौंपेगी, जिसमें बहुमत का सबूत दिया जाएगा. अब सभी की निगाहें नए चुने गए विधायकों के शपथ ग्रहण और नई सरकार के गठन पर टिकी हैं. मिली जानकारी के अनुसार BJP 9 मई को राज्य में नई सरकार बनाने वाली है.

इस बीच पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान आज हो सकता है. विधानसभा चुनाव में जीत के बाद बीजेपी पहली बार राज्य में सरकार बनाने की तैयारी में जुट गई है. बीजेपी विधायक दल की बैठक से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता पहुंच गए हैं, जहां शुभेंदु अधिकारी समेत बीजेपी नेताओं ने उनका स्वागत किया.

बीजेपी सूत्रों के मुताबिक, शपथ ग्रहण समारोह से पहले विधायक दल का नेता चुनने के लिए आज शाम 4 बजे पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक होगी. यह बैठक अमित शाह की देखरेख में होगी, जिसमें बीजेपी विधायक दल का नेता चुने जाने की संभावना है, जो बंगाल का अगला मुख्यमंत्री होगा.

बीजेपी नेताओं के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में नई सरकार 9 मई को शपथ लेगी.

सूत्रों के मुताबिक, टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट से हराने वाले बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे हैं. उनके मुख्यमंत्री बनने की प्रबल संभावना है. मुख्यमंत्री पद के लिए दूसरे नामों पर विचार किया जा रहा है उनमें बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार और पूर्व राज्यसभा सांसद स्वपन दासगुप्ता शामिल हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com