latest-news

दोनों एनसीपी एक होने का कॉउंटडाउन शुरू, दिल्ली से महाराष्ट्र तक सब कुछ सेट, पीएम मोदी का मंत्री कौन बनेगा यहां तक तय?

संवाददाता

मुंबई । एनसीपी में विलय का मामला लगभग सेट हो चुका है। अगले हफ्ते या इसी हफ्ते भी इसका औपचारिक एलान हो सकता है। इस विलय में बीजेपी का भी किरदार बहुत अहम लग रहा है। क्योंकि बीजेपी सूत्र ने यहां तक बताया है कि इस विलय से महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस और दिल्ली में नरेंद्र मोदी की सरकार तक में किस तरह की बदलाव होने की संभावना है।

‘एनसीपी में विलय का रास्ता साफ’

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में टूट के लगभग साढ़े तीन साल बाद विलय का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। एनसीपी के संस्थापक शरद पवार की उम्र और स्वास्थ्य ने इस विलय को और भी सुलभ और वक्त की जरूरत बना दिया है। दिल्ली में बीजेपी के एक सूत्र ने इस विलय को लेकर चल रही अंदर की बातों के बारे में बहुत ही बड़ी जानकारियां दी हैं।

एनसीपी विलय के बाद क्या होगा

बीजेपी सूत्र का कहना है कि शरद पवार के जमाने में पहले से जो एनसीपी की व्यवस्था थी, इस बार भी व्यवस्था उसी तरह की नजर आएगी। मतलब, शरद पवार की बेटी और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले केंद्र में भूमिका निभाएंगी और महाराष्ट्र के दिवंगत नेता अजित पवार के बड़े बेटे और बुजुर्ग पवार के पोते पार्थ पवार प्रदेश की जिम्मेदारी संभालेंगे।

एनसीपी के संभावित विलय में बीजेपी का रोल?

  • भाजपा नेता का कहना है कि एनसीपी की मुखिया और अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार फडणवीस सरकार में उपमुख्यमंत्री बनी रहेंगी, लेकिन एनसीपी (एसपी) के जयंत पाटिल को फिर से महाराष्ट्र में वित्त मंत्री बनाया जा सकता है। इसी तरह दिल्ली में पीएम मोदी कैबिनेट में संभावित विस्तार में मौजूदा एनसीपी (शरदचंद पवार) से सुप्रिया सुले और एनसीपी से प्रफुल्ल पटेल को एडजस्ट किया जा सकता है।
  • उनके अनुसार सारी सेटिंग पटेल की पवार से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में मुलाकात में ही हुई है।
  • इससे पहले पीएम मोदी खुद फोन करके अस्पताल में शरद पवार की सेहत का हाल पूछ चुके थे।
  • वहीं दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से एनसीपी नेताओं ने भी अलग से मुलाकात की थी।

एनसीपी के विलय से बीजेपी को क्या फायदा?

  • एनसीपी में विलय यूं तो दोनों गुटों और शरद पवार के परिवार का आंतरिक मामला है, लेकिन इससे मुंबई से लेकर दिल्ली तक विपक्ष की राजनीति को बहुत जोरदार झटका लग सकता है।
  • दिल्ली में इससे इंडिया ब्लॉक का मोदी सरकार और सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नैरेटिव कमजोर होगी और महाराष्ट्र में विपक्षी महायुति को सियासी नुकसान होगा।
  • दिल्ली में एसआईआर और सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस की अगुवाई में विपक्ष के एक हालिया प्रदर्शन में सुप्रिया सुले खुद नजर आ चुकी हैं।
  • मोदी सरकार को एक सीधा फायदा ये होगा कि शरद पवार खेमे के 8 लोकसभा और राज्यसभा के एक सांसद का समर्थन मिल जाएगा।
  • महाराष्ट्र में हाल में एमएलसी चुनाव में बीजेपी को झटका लगा है, इसकी वजह से दोनों गुटों के एक होने से उसे राजनीतिक ताकत मिलेगी।

एनसीपी कब टूटी थी?

  • एनसीपी में सबसे बड़ी टूट 2 जुलाई, 2023 को हुई।
  • शरद पवार के भतीजे अजित पवार पार्टी के कुछ विधायकों के साथ मिलकर तत्कालीन शिवसेना-बीजेपी सरकार में शामिल हो गए और एकनाथ शिंदे सरकार में उपमुख्यमंत्री बन गए।
  • बाद में चुनाव आयोग में भी उन्हें सफलता मिली और असली एनसीपी का नाम और चुनाव चिन्ह ‘घड़ी’ उन्हीं के खेमे के पास रह गई।
  • 24 फरवरी, 2024 के फैसले में चुनाव आयोग ने शरद पवार गुट को एनसीपी (एसपी) का नाम और ‘तुरहा बजा रहा इंसान’ का चुनाव चिन्ह आवंटित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com