
संवाददाता
मोकामा । बिहार में विधान परिषद चुनाव से पहले मोकामा की सियासत में जबरदस्त मोकामा हलचल है. मोकामा से जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया है. अनंत सिंह पहले ही कह चुके हैं कि वो नीरज कुमार का समर्थन नहीं करेंगे. अब जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के नामांकन में पहुंचकर उन्होंने अपने रुख को और साफ कर दिया.
अनुज सिंह के नामांकन के दौरान अनंत सिंह का अलग अंदाज भी देखने को मिला. खुली जीप और समर्थकों की भीड़ के बीच अनंत सिंह आज अनुज सिंह के नामांकन में पहुंचे. अनंत सिंह ने यहां तक दावा कर दिया कि नीरज कुमार की हार तय है. अब पटना स्नातक विधान परिषद सीट पर मुकाबला अब सिर्फ दो उम्मीदवारों के बीच चुनावी लड़ाई नहीं रह गया है. एक तरफ जेडीयू के नीरज कुमार और दूसरी ओर प्रशांत किशोर की पार्टी के अनुज सिंह.
अनुज सिंह को खुला समर्थन मिला है मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह का. अनंत सिंह पहले ही ऐलान कर चुके हैं कि वो जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार का समर्थन नहीं करेंगे. आज जब नामांकन के लिए जब डॉ. अनुज सिंह निकले तो उनके साथ मोकामा विधायक अनंत सिंह भी मौजूद थे. समर्थकों की भीड़ के बीच यह पूरा कार्यक्रम शक्ति प्रदर्शन की तरह नजर आया. इस दौरान नीतीश कुमार, निशांत कुमार और ललन सिंह के समर्थन में नारे भी सुनाई दिए.
हालांकि इस पूरे कार्यक्रम में प्रशांत किशोर खुद मौजूद नहीं रहे. अनंत सिंह ने मीडिया के सवालों पर भी अपना पुराना अंदाज बरकरार रखा. जब पत्रकारों ने उनसे भीड़ को लेकर सवाल किया तो उन्होंने पहले हाथ के इशारे से प्रत्याशी से सवाल करने को कहा, लेकिन जब पत्रकार उनके पास ही सवाल पूछने के लिए खड़े रहे तो अनंत सिंह ने कहा कि कैंडिडेट से सवाल करिए न… हमसे झूठ का क्या पूछते हैं.
जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने इस दौरान नीरज कुमार के खिलाफ अपने तेवर और साफ कर दिए. उन्होंने कहा कि उनके उम्मीदवार की जीत तय है और नीरज कुमार की हार तय है. अनंत सिंह ने पहले ही कहा था कि वह पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के सभी 26 विधानसभा क्षेत्रों में अनुज सिंह के लिए प्रचार करेंगे. दिलचस्प बात ये है कि नामांकन के दौरान एक तरफ अनंत सिंह के समर्थन में जुटी भीड़ में नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारे सुनाई दिए.
मामला पहुंचा JDU के शीर्ष नेतृत्व तक
अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच का विवाद अब जेडीयू नेतृत्व के पास पहुंच चुका है. जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और मंत्री श्रवण कुमार ने इस मामले को लेकर नीतीश कुमार से मुलाकात की थी. जेडीयू नेता श्रवण कुमार ने कहा है कि मामला पार्टी के बड़े नेताओं के संज्ञान में है और उचित समय पर समाधान किया जाएगा, लेकिन संगठन स्तर पर समाधान की कोशिशों के बावजूद अनंत सिंह अपने फैसले से पीछे हटे नहीं.
50 हजार रसगुल्ले भी तैयार
अनंत सिंह के समर्थन का अंदाज सिर्फ बयान और प्रचार तक सीमित नहीं रहा. अनुज सिंह के नामांकन के लिए अनंत सिंह के आवास पर 50 हजार रसगुल्ले भी तैयार कराए गए. इन रसगुल्लों को नामांकन कार्यक्रम में समर्थकों और आम लोगों के बीच बांटने की बात कही गई थी. डॉ. अनुज सिंह शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं. वह मॉडर्न ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स/मॉडर्न इंग्लिश स्कूल के निदेशक हैं. उन्होंने रिसोर्स जियोग्राफी में पीएचडी की है.
अनुज सिंह कांग्रेस से भी जुड़े रहे और नवादा जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष रह चुके हैं. इसके बाद उन्होंने जन सुराज का रुख किया. 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने जन सुराज के टिकट पर नवादा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें जीत नहीं मिली. अब जन सुराज ने उन्हें पटना स्नातक विधान परिषद सीट से उम्मीदवार बनाया है.



