
संवाददाता
बेंगलुरु। शहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम स्थल के पास सड़क किनारे से जिलेटिन की दो छड़ें मिलने से अधिकारियों में हड़कंप मच गया. इसके बाद बेंगलुरु के बाहरी इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई. विस्फोटक कहां से आए और कितने रखे, बेंगलुरु पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी.
पीएम मोदी रविवार को बेंगलुरु में थे. वह कग्गलीपुरा के पास कनकपुरा रोड पर आर्ट ऑफ लिविंग सेंटर के 45वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए.
पुलिस ने कहा कि जिलेटिन की छड़ें कग्गलीपुरा पुलिस थाने की सीमा में तातागुनी के पास रूटीन सुरक्षा जांच के दौरान मिलीं, जो प्रधानमंत्री मोदी के मुख्य कार्यक्रम स्थल से लगभग 3 किमी दूर है. बेंगलुरु के सेंट्रल जोन के डीआईजी ने मीडिया को बताया कि आज सुबह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने से पहले, चेकिंग के दौरान, मुख्य कार्यक्रम स्थल से लगभग 3 किमी दूर फुटपाथ के किनारे जिलेटिन की दो छड़ें मिलीं. आगे की जांच चल रही है.
विस्फोटकों की बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गई. बाद में पुलिस, बम डिस्पोजल स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम विस्फोटक सामग्री की जांच के लिए मौके पर पहुंचे. पुलिस सूत्रों ने बताया कि पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि वे यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इलाके में जिलेटिन की छड़ें रखने का उद्देश्य क्या था और क्या इसमें और लोग भी शामिल थे.
सूत्रों ने बताया कि जिलेटिन की छड़ें शहर के बाहरी इलाके तातागुनी में अगारा झील इलाके के पास बरामद की गईं.



