latest-newsअपराधएनसीआर

दिल्ली में टिल्लू-कौशल-गुरविंदर गैंग के 3 शूटर हथियार समेत गिरफ्तार, अमेरिका में बैठे आका से लेते थे ऑर्डर

संवाददाता

नई दिल्ली।  राजधानी में संगठित अपराध और गिरोहबंदी के खिलाफ दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कुख्यात ‘टिल्लू ताजपुरिया, कौशल चौधरी और गुरविंदर बाबा’ गिरोह के तीन सक्रिय शूटर को गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ्तारी से पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर और पंजाब क्षेत्र में रंगदारी के लिए होने वाली कई संभावित गोलीबारी की घटनाओं को समय रहते टाल दिया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और 11कारतूस बरामद किए हैं।

अमेरिका में बैठे आका के संपर्क में थे बदमाश

स्पेशल सेल के डीसीपी नरा चैतन्य के अनुसार, पकड़े गए शूटर अमेरिका में मौजूद गुरविंदर उर्फ बाबा के सीधे निर्देशों पर काम कर रहे थे।

गिरफ्तार किए गए बदमाशों की पहचान

  • हेमंत उर्फ मोनू, मंगोलपुरी, दिल्ली (गैंग का मुख्य कार्डिनेटर और फाइनेंस/ लाजिस्टिक्स प्रभारी)
  • नयन अग्रवाल, बुद्ध विहार का रहने वाला है।
  • दुर्गेश राय उर्फ डेविल, अवंतिका, रोहिणी का रहने वाला है।यह राजस्थान में अपहरण व लूट के मामले में पहले से संलिप्त रहा है।

गैंग के शूटरों पर पैनी नजर रखे रहे

इंस्पेक्टर संदीप यादव और इंस्पेक्टर नीरज कुमार के नेतृत्व तथा एसीपी पूरन चंद्र पंत की टीम 10 दिनों से इस गैंग के शूटरों पर पैनी नजर रख रही थी। सूचना के आधार पर स्पेशल सेल की टीम ने पश्चिम विहार के डिस्ट्रिक्ट पार्क के पास से हेमंत उर्फ मोनू और नयन अग्रवाल को दबोच लिया। इनके पास से एक सेमी-आटोमैटिक पिस्टल और आठ कारतूस मिले। इनसे पूछताछ के आधार पर रोहिणी से तीसरे बदमाश दुर्गेश राय उर्फ ‘डेविल’ को गिरफ्तार कर लिया गया।

दोबारा हमले की बना रहे थे योजना

पूछताछ में हेमंत और नयन ने बताया कि मई में वे गुरविंदर बाबा के कहने पर जीरकपुर (पंजाब) गए थे, जहां खेत में छुपाकर रखी गई हथियारों की खेप बरामद कर दिल्ली में एक संपर्क सूत्र को सौंपी गई थी। इसके अलावा, दोनों ने चंडीगढ़ के दो अलग-अलग स्पा/सलून पर रंगदारी वसूलने के लिए गोलीबारी की कोशिश की थी और दोबारा हमला करने की फिराक में थे।

वीडियो डालकर इलाके में फैलाई दहशत 

दुर्गेश उर्फ ‘डेविल’ पहले भी रोहतक/हरियाणा के करनाल में एक खेत में बने मकान पर गुरविंदर बाबा के इशारे पर फायरिंग की वारदात को अंजाम दे चुका है। दुर्गेश खुद को बड़ा गैंगस्टर दिखाने के लिए जानबूझकर अपना उपनाम ‘डेविल’ रखता था और सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो डालकर इलाके में दहशत फैलाता था।

दिनेश कराला के करीबी की हत्या से जुड़े तार

पुलिस के मुताबिक, 30 जुलाई को विरोधी गैंग द्वारा गैंगस्टर दिनेश कराला के करीबी हरीश माथुर की हत्या के बाद दीपक पकासमा, हिम्मत चीकू और गुरविंदर उर्फ बाबा के नाम नए सिरे से पुलिस के रडार पर आए थे, जिसके बाद स्पेशल सेल ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी थी।
फिलहाल स्पेशल सेल इस नेटवर्क से जुड़े अन्य बदमाशों की तलाश में आगे की जांच और छापेमारी कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com