
संवाददाता
नई दिल्ली । IPL 2026 का लीग स्टेज 24 मई को समाप्त हो जाएगा. उससे करीब 2 सप्ताह पहले ही प्लेऑफ की स्थिति साफ होने लगी है. मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स, प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने वाली पहली दो टीम बन गई हैं. अंतिम चार स्थानों के लिए अब 8 टीमों के बीच जंग छिड़ी हुई है.
प्लेऑफ के समीकरण पर जाने से पहले पॉइंट्स टेबल का हाल जान लीजिए. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू, सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस, इन तीन टीमों के 14-14 अंक हैं, जबकि पंजाब किंग्स 13 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है. चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के 12-12 अंक हैं और वे भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई हैं. कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स क्रमशः सातवें और आठवें स्थान पर मौजूद हैं.
8 टीमों के बीच प्लेऑफ की लड़ाई
RCB- 11 मैचों के बाद RCB के 14 अंक हैं और उसके अभी 3 मुकाबले बचे हैं. बेंगलुरू अधिकतम 20 अंकों तक पहुंच सकती है. अगले 3 में से एक मैच जीतने पर भी बेंगलुरू की प्लेऑफ में जगह लगभग पक्की हो जाएगी, मगर बेंगलुरू को सुनिश्चित करना होगा कि उसका नेट रन रेट मजबूत बना रहे.
SRH- आरसीबी की तरह सनराइजर्स हैदराबाद भी अधिकतम 20 अंक हासिल कर सकती है. +0.737 के नेट रन रेट के साथ हैदराबाद एक और मैच जीत लेती है तो उसका प्लेऑफ क्वालीफिकेशन भी लगभग पक्का हो जाएगा.
GT- लगातार 4 मैच जीतकर गुजरात प्लेऑफ क्वालीफिकेशन के बेहद करीब आ पहुंची है. गुजरात के पास भी मौका है कि वह अपने अगले तीनों मैच जीतकर टॉप-2 में फिनिश करे. गुजरात के साथ कमजोर नेट रन रेट की समस्या उत्पन्न हो सकती है, जो अभी +0.228 पर है. अगले 3 में से 2 मुकाबले जीतकर गुजरात प्लेऑफ में भी पहुंच सकती है और उसे किसी और पर निर्भर रहने की आवश्यकता भी नहीं पड़ेगी.
PBKS- पंजाब किंग्स के 10 मैचों में 13 अंक हैं और अगले चारों मैच जीत जाती है तो ना केवल पंजाब प्लेऑफ का टिकट कटा लेगी बल्कि उसकी टेबल के टॉप पर जगह पक्की हो जाएगी. अगले 4 मैचों में दो जीत पंजाब की अंतिम-4 में जगह पक्की कर देगी.
CSK- पिछले 8 मैचों में 6 जीत दर्ज करके चेन्नई सुपर किंग्स प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है. उसके सिर्फ तीन मैच बचे हैं, जिनमें दो मौकों पर जीत दर्ज करके चेन्नई आसानी से प्लेऑफ का टिकट कटा सकती है.
RR- राजस्थान रॉयल्स के साथ भी चेन्नई सुपर किंग्स वाली स्थिति है, लेकिन उसका नेट रन रेट +0.082 का है, जो आगे चलकर उसके लिए मुसीबत का सबब बन सकता है. राजस्थान बचे हुए तीनों मैच जीतकर आसानी से प्लेऑफ में जा सकती है, उससे कम राजस्थान को कुछ भी मंजूर नहीं होना चाहिए.
KKR- कोलकाता नाइट राइडर्स के अभी 9 अंक हैं और उसके 4 मैच बचे हैं. अगले चारों मैच जीतकर उसके कुल 17 अंक हो जाएंगे, जो प्लेऑफ क्वालीफिकेशन के लिए पर्याप्त होंगे, लेकिन 4 में से तीन जीत आने पर भी केकेआर की प्लेऑफ में जगह पक्की नहीं होगी.
DC- दिल्ली कैपिटल्स की स्थिति बहुत कमजोर है, उसके 11 मैचों में 8 अंक हैं. बाकी तीन मैच जीतकर भी उसके अधिकतम 14 अंक होंगे. एक और हार का मतलब दिल्ली एलिमिनेट हो जाएगी. इसलिए दिल्ली को ना केवल अगले तीनों मैच जीतने हैं बल्कि अपने नेट रन रेट को सुधारना अतिआवश्यक है.



