
संवाददाता
चेन्नई । तमिलनाडु में सरकार बनाने की कोशिशों के बीच टीवीके (TVK) को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। IUML ने अपने 2 विधायकों के साथ विजय की पार्टी को समर्थन देने का एलान कर दिया है। इस नए समर्थन के बाद टीवीके गठबंधन के पास अब कुल 120 विधायकों का आंकड़ा हो गया है, जो बहुमत के लिए जरूरी 118 से दो ज्यादा है। इसके साथ ही विजय का मुख्यमंत्री बनना अब तय माना जा रहा है।
टीवीके नेता आधव अर्जुना ने एक पत्र सार्वजनिक करते हुए ‘जीत’ का उद्घोष किया है। अर्जुना का दावा है कि वीसीके ने सरकार बनाने के लिए टीवीके को अपना समर्थन दे दिया है।
तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर जारी अनिश्चितता के बीच राज्य के पांच कांग्रेस विधायक शनिवार को हैदराबाद में डेरा डाले हुए हैं। माना जा रहा है कि पार्टी ने संभावित तोड़फोड़ या विधायकों की खरीद-फरोख्त की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मेलूर से कांग्रेस विधायक पी. विश्वनाथन, जो पहले तेलंगाना में पार्टी मामलों के एआईसीसी प्रभारी रह चुके हैं, हैदराबाद में ठहरे इन पांच विधायकों के समूह का नेतृत्व कर रहे हैं। कांग्रेस पहले ही टीवीके को समर्थन देने का ऐलान कर चुकी है और यदि टीवीके की सरकार बनती है तो विश्वनाथन को मंत्री बनाया जा सकता है।
अभिनेता विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने के बाद सरकार गठन के लिए कांग्रेस, भाकपा, माकपा और वीसीके से समर्थन मांगा था। ये सभी दल पहले डीएमके गठबंधन का हिस्सा थे। 23 अप्रैल को हुए अपने पहले विधानसभा चुनाव में टीवीके बहुमत के आंकड़े से 10 सीटें पीछे रह गई थी। वाम दलों की सहयोगी रही वीसीके के भी कम्युनिस्ट पार्टियों के रुख के बाद औपचारिक रूप से टीवीके को समर्थन देने की घोषणा करने की संभावना है।
टीटीवी दिनाकरण ने टीवीके के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
तमिलनाडु की राजनीतिक पार्टी एएमएमके ने गुइंडी पुलिस थाने में टीवीके के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इस शिकायत में एएमएमके ने आरोप लगाया है कि टीवीके ने उनके समर्थन का फर्जी पत्र इस्तेमाल किया ताकि बहुमत साबित किया जा सके। यह शिकायत एएमएमके महासचिव टीटीवी दिनाकरण ने दर्ज कराई है। अधिकारियों का कहना है कि अभी इस मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। एएमएमके के राज्य में एकमात्र विधायक मन्नारगुडी सीट से विधायक एस कामराज हैं। दिनाकरण ने कहा टीवीके, जो खुद को पवित्र बताती है, वह फर्जीवाड़े और विधायकों की खरीद फरोख्त में शामिल है। हालांकि टीवीके ने एएमएमके के आरोपों को खारिज कर दिया और एक वीडिया जारी किया, जिसमें विधायक कामराज खुद समर्थन पत्र पर हस्ताक्षर करते दिखे।
प्रमोद तिवारी कांग्रेस सांसद बोले- भाजपा को सत्ता से दूर रखना ही कांग्रेस का लक्ष्य
तमिलनाडु के राजनीतिक संकट पर कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने अपनी बात रखी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यपाल का व्यवहार राज्य में वैकल्पिक सरकार बनने से रोकने वाला लग रहा है। तिवारी ने कहा कि राजनीति में ऐसे पल आते रहते हैं और इनसे घबराने की जरूरत नहीं है।
सांसद ने का कहना है कि उनका मुख्य उद्देश्य एआईएडीएमके के समर्थन से सरकार बनाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस एक धर्मनिरपेक्ष शक्ति के रूप में काम कर रही है। पार्टी की पूरी कोशिश है कि भाजपा प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से सत्ता में न आ पाए।
प्रमोद तिवारी ने कार्यकर्ताओं और नेताओं से धैर्य रखने को कहा है। उन्होंने याद दिलाया कि पहले भी कई बार मंत्रियों को हटाया गया है और कांग्रेस ने एकजुट होकर भाजपा और उसके सहयोगियों का मुकाबला किया है। फिलहाल कांग्रेस अपने सिद्धांतों पर चलते हुए राज्य में नई सरकार के गठन की कोशिशों में जुटी है।



