दिल्ली

केजरीवाल की मुफ्त बिजली घोषणा से 14 लाख उपभोक्ताओं को लाभ

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार द्वारा दो सौ यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने की योजना के तहत पहले माह में 14 लाख लोगों को शून्य बिजली बिल मिला है। यह संख्या कुल बिजली उपभोक्ताओं की 28 फीसद है। आने वाले दिनों में इस संख्या के बढ़ने की पूरी संभावना है क्योंकि दिल्ली में मुख्यमंत्री किरायेदार बिजली मीटर योजना शुरू हो चुकी है। इससे किरायेदारों के अलग बिजली मीटर लगेंगे। इससे मकान मालिक भी इस योजना का लाभ उठा सकेंगे। वहीं एसी बंद होने से भी बिजली की खपत कम होगी।

एक अगस्त से दो सौ यूनिट तक बिजली बिल मुफ्त

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक अगस्त को दो सौ यूनिट तक बिजली बिल को मुफ्त किए जाने की घोषणा की थी। यह योजना उसी दिन से लागू हो गई थी। ऊर्जा विभाग ने योजना के लागू होने के बाद पहले माह में लाभ पाने वालों की रिपोर्ट मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सौंपी है।

14 लाख उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य

रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली में कुल बिजली उपभोक्ता 52 लाख 27 हजार 857 हैं। इनमें से सितंबर में 14 लाख 64 हजार 270 उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य आया है। अगर बिजली वितरण करने वाली तीनों कंपनियों का अलग-अलग आंकलन करें तो बीएसइएस राजधानी पावर लिमिटेड के पास सबसे अधिक 22 लाख तीन हजार 536 उपभोक्ता हैं। इसमें से छह लाख 14 हजार 910 उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य आया है।

बीएसइएस यमुना पावर लिमिटेड के पास 13 लाख पांच हजार 137 उपभोक्ता हैं। इसमें से तीन लाख 78 हजार 993 उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य आया है। इसी तरह टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड के पास 17 लाख 19 हजार 184 उपभोक्ता हैं। इसमें से चार लाख 70 हजार 367 उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य आया है।

200 यूनिट बिजली पूरी मुफ्त और 201 से 401 यूनिट तक आधी मुफ्त

दिल्ली सरकार की इस योजना के तहत 200 यूनिट तक बिजली इस्तेमाल कर रहे दिल्ली के उपभोक्ताओं को बिजली बिल के रूप में कोई भुगतान नहीं करना पड़ रहा है। दिल्ली सरकार इस श्रेणी के उपभोक्ताओं को पूरी 100 फीसद सब्सिडी दे रही है। 201 से 401 यूनिट तक बिजली के इस्तेमाल पर भी सरकार 50 फीसद सब्सिडी दे रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com