
संवाददाता
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत अन्य नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती पर याद करते हुए श्रद्धांजलि दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पोस्ट में कहा, “पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में कई साल बिताए और पूरी निष्ठा के साथ देश की सेवा की।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। सार्वजनिक जीवन और भारत की प्रगति में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।” केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर पोस्ट किया, “भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं विख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती पर सादर नमन करता हूं!” असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने एक्स पोस्ट में कहा, “आज पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को उनकी जयंती पर याद कर रहा हूं। देश के लिए उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।”
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने एक्स पर लिखा, “भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं महान अर्थशास्त्री मनमोहन सिंह की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।” भाजपा नेता और उद्योगपति नवीन जिंदल ने एक्स पर लिखा, “डॉ. मनमोहन सिंह को उनकी जयंती पर याद करते हुए। उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी और दुनिया में देश को एक नई पहचान दिलाई। प्रधानमंत्री के तौर पर उनके कार्यकाल के दौरान संसद में सेवा करना और जिस शालीनता और गरिमा के साथ उन्होंने इस सर्वोच्च पद को संभाला, उससे सीखना मेरे लिए सौभाग्य की बात थी। उनकी विनम्रता और ईमानदारी भारतीय सार्वजनिक जीवन में एक मिसाल बनी हुई है।”
डॉ. मनमोहन सिंह का नाम भारतीय इतिहास में एक ऐसे अर्थशास्त्री के तौर पर हमेशा याद किया जाएगा जिन्होंने देश की आर्थिक प्रगति की मजबूत नींव रखी। 1991 में वित्त मंत्री के तौर पर डॉ. मनमोहन सिंह द्वारा शुरू किए गए आर्थिक सुधारों ने भारतीय अर्थव्यवस्था में अहम बदलावों का रास्ता तैयार किया। 2004 से 2014 तक प्रधानमंत्री के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान, डॉ. मनमोहन सिंह ने भारत के लोगों के अधिकारों और अवसरों को बढ़ाने के लिए महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, सूचना का अधिकार अधिनियम और शिक्षा का अधिकार अधिनियम जैसे अहम कानून और कार्यक्रम लागू किए।
हम उनके असाधारण योगदान को याद करते हैं: खरगे
कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मनमोहन सिंह को उनके जयंती पर याद करते हुए लिखा, ‘हम भारत के राष्ट्र-निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के असाधारण योगदान को सम्मान के साथ याद करते हैं। एक दूरदर्शी राजनेता के तौर पर, उनके ऐतिहासिक आर्थिक सुधारों ने भारत की विकास की दिशा बदल दी, नए अवसर पैदा किए और लाखों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में मदद की।’
उन्होंने आगे कहा कि उनकी विनम्रता, ईमानदारी और समझदारी उनके सार्वजनिक जीवन की पहचान रही। उन्होंने शालीनता और संवेदना के साथ नेतृत्व किया और समावेशी विकास और समाज के सबसे कमजोर वर्गों के कल्याण को शासन के केंद्र में रखा।
खरगे ने कहा कि उनकी सरकार का अधिकार-आधारित ढांचा इस सोच का एक स्थायी प्रमाण है। उनकी जयंती पर, हम महान राजनेता को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, जिनकी ईमानदार जनसेवा, समावेशी विकास और बदलाव लाने वाले सुधारों की विरासत पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने दी श्रद्धांजलि
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद मनमोहन सिंह के आवास पर एक प्रार्थना सभा का भी आयोजन किया गया। इसमें मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर, उनके परिवार के कई अन्य सदस्य और राहुल गांधी शामिल हुए।
प्रियंका गांधी ने कहा-भारत के विकास को असाधारण…
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी पूर्व पीएम मोदी को याद करते हुए एक्स पर श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने लिखा, ‘भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन. एक कुशल अर्थशास्त्री एवं सफल राजनेता के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह जी ने भारत के विकास को असाधारण गति दी और देश की समृद्धि को नए मुकाम पर पहुंचाया। अपनी दूरदर्शी एवं समावेशी आर्थिक नीतियों के जरिए उन्होंने हर तबके को समृद्ध किया। देश के विकास में मनमोहन सिंह जी के अभूतपूर्व योगदान को सदैव याद किया जाएगा. उनकी स्मृतियों को नमन।
अशोक गहलोत ने बोले- विद्वता, सौम्यता एवं सरलता के प्रेरणादायक
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और सीनियर नेता अशोक गहलोत ने एक्स पर पोस्ट करते डॉ. सिंह को याद करते हुए कहा, ‘भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व.डॉ.मनमोहन सिंह की जयंती पर उन्हें सादर नमन। देश को आर्थिक शक्ति बनाने में अतुलनीय योगदान देने के लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा। उनकी विद्वता, सौम्यता एवं सरलता सभी के लिए प्रेरणादायक है।
कांग्रेस पार्टी ने कार्यालय के बाहर लगाए होर्डिंग
इसके अलावा पूर्व प्रधानमंत्री के जयंती पर AICC के ऑफिस के बाहर उन्हें पार्टी की तरफ से श्रद्धांजलि देते हुए होर्डिंग लगाए गए हैं।



