संवाददाता
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में 27 वर्षीय एमसीडी सफाई कर्मचारी अनिल कुमार की हत्या के मामले में एक व्यक्ति निहाल उर्फ पुल्ला को गिरफ्तार किया है। डीसीपी राजीव कुमार ने यह जानकारी दी।
दिल्ली नगर निगम (एसीडी) के कर्मी अनिल रविवार को इलाके में ड्यूटी पर थे, तभी उसकी कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना का एक कथित सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ जिसमें दिख रहा है कि पीले रंग की टी-शर्ट पहना एक व्यक्ति अनिल के पास आया और उसके साथ बहस के बाद कथित रूप से उसके पेट में चाकू घोंप दिया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। मृतक की पहचान अनिल के रूप में हुई है। वह मेट्रो वेस्ट कंपनी में काम करता था। यह कंपनी यमुनापार क्षेत्र में एमसीडी के लिए कूड़ा उठाने का काम करती है। पुलिस के अनुसार घटना रविवार सुबह की है।
हमलावर ने अनिल पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की तलाश में जुट गई। इलाके के लोगों से भी पूछताछ की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जाँच में पता चला कि सफाई कर्मचारी जिस वाहन से कूड़ा उठाता है उसके वाहन चालक का नाम गुलशन है। डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि गुलशन का एक महिला से अवैध संबंध है, महिला कूड़ा जमा करने का काम करती है। महिला के पति को पता चल गया था कि उसका प्रेम प्रसंग चल रहा है। महिला का पति रविवार सुबह गुलशन को मारने गया था, लेकिन गलत पहचान की वजह से अनिल को मार दिया।
पूर्वी दिल्ली डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि सफाई कर्मचारी अनिल कुमार (28) की चाकू से हत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार दोपहर आरोपी निहाल उर्फ कुल्ला (52) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि असल में निहाल का निशाना टिपर ड्राइवर गुलशन था। उसे शक था कि गुलशन की उसकी पत्नी से दोस्ती है। रविवार सुबह गुलशन को मारने के इरादे से चाकू लेकर निकला, लेकिन मौके पर गुलशन की जगह हेल्पर अनिल मिल गया और उस पर चाकू से हमला कर दिया।
मृतक के परिवार को 8 लाख का मुआवजा
मेयर प्रवेश वाही ने मेट्रो वेस्ट कंपनी के कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या की वारदात को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि मृतक कर्मचारी के परिजनों को आठ लाख रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी। आरोपी के खिलाफ जो भी एक्शन बनता है दिल्ली पुलिस वह कर रही है। उन्होंने जल्द ही साफ सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने का भरोसा दिलाया।
‘मांगे नहीं मानी गईं तो प्रदर्शन जारी रहेगा’
![]()
इस सनसनीखेज वारदात के बाद गुस्साए सफाई कर्मचारियों ने लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया था। एलबीएस अस्पताल की मोर्चरी के बाहर सोमवार को दिनभर हंगामा रहा। रविवार से ही परिजन और सफाई कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार सुबह सैकड़ों लोग दोबारा अस्पताल पहुंच गए। स्थानीय विधायक कुलदीप कुमार, भीम आर्मी के सदस्य, ईस्ट दिल्ली के सफाई कर्मचारी और अनिल के परिजन वहां मौजूद रहे। परिजनों ने एक करोड़ रुपये का मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की है। कूड़ा उठाने वाली निजी कंपनी की ओर से परिवार को कुछ आर्थिक मदद और एक सदस्य को कंपनी में नौकरी देने का प्रस्ताव दिया गया, लेकिन परिजनों ने इसे स्वीकार नहीं किया। उन्होंने मांगे पूरी होने तक शव लेने से इनकार कर दिया। अनिल के मौसेरे भाई सुरेंद्र कुमार गौतम ने कहा कि मांगें नहीं मानी गईं तो मंगलवार को भी प्रदर्शन जारी रहेगा।



