latest-news

कलेक्ट्रेट में डीएम ने किया ध्वजारोहण: स्वतंत्रता दिवस पर जनसेवा, पर्यावरण संरक्षण पर दिया जोर

संवाददाता

गाजियाबाद। गाजियाबाद में देश की आजादी की 80वीं वर्षगांठ शुक्रवार को पूरे उत्साह के साथ मनाई गई। जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद परिसर में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और राष्ट्रगान गाया गया।

इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की रक्षा में बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि इसके साथ देश के प्रति जिम्मेदारियां भी जुड़ी हैं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत बनाए रखने तथा राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया। सभी ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान स्कूली बच्चों ने देशभक्ति पर आधारित नाट्य रूपांतरण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में देशप्रेम की भावना का संचार किया। अधिकारियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

समारोह में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का माहौल बना रहा।

जनसमस्याओं के समयबद्ध निस्तारण पर जोर

जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वे आम लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें। शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। गरीब, कमजोर और जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिकारियों और देश की आजादी में योगदान देने वाले महापुरुषों को नमन किया। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर स्वतंत्र, स्वच्छ, स्वस्थ, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए।

विद्यार्थियों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मान

कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों, सिविल डिफेंस वार्डनों और खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार दिए गए।

इस दौरान एडीएम सिटी विकास कश्यप, एडीएम एफ/आर अंजनी कुमार सिंह, एडीएम ई ज्योति मौर्य, एडीएम न्यायिक अंजली गंगवार, सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र तिवारी समेत जिले के कई अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com