
संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक तिरंगा यात्रा निकाली गई। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य और एसएचओ इंदिरापुरम अजय चौधरी के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

हाथों में तिरंगा लिए हुए प्रतिभागियों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाए, जिससे पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया।
यात्रा के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता भी बरती।

एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि इस तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों को देशभक्ति, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश देना था। उन्होंने कहा कि तिरंगा हम सभी के गौरव और सम्मान का प्रतीक है और प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।
एसएचओ अजय चौधरी ने कहा कि पुलिस आमजन की सुरक्षा के साथ-साथ राष्ट्रीय पर्वों को भी पूरे उत्साह और सम्मान के साथ मनाती है। उन्होंने बताया कि तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों में देशप्रेम की भावना को और मजबूत करना है।



