
संवाददाता
नई दिल्ली । आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने E20 पेट्रोल के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर देशभर में E20 पेट्रोल को लेकर उठ रही शिकायतों का हवाला देते हुए दो प्रमुख मांगें रखी हैं.
केजरीवाल ने हर पेट्रोल पंप पर शुद्ध पेट्रोल और E20 पेट्रोल दोनों का विकल्प उपलब्ध कराने तथा कम माइलेज मिलने के कारण E20 की कीमत सामान्य पेट्रोल से कम रखने की मांग की है. साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री से मुलाकात का समय भी मांगा है. इतना ही नहीं केजरीवाल ने आज “स्टॉप E20 पेट्रोल” ऑनलाइन सिग्नेचर अभियान शुरू किया. StopE20petrol.com के जरिए लोग प्रधानमंत्री के नाम याचिका पर हस्ताक्षर कर अपनी आवाज़ दर्ज करा सकते हैं.
E20 को लेकर प्रधानमंत्री को लिखा पत्र
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि E20 पेट्रोल को लेकर देशभर के लोगों में नाराजगी है. उन्होंने कहा कि लोग लगातार शिकायत कर रहे है कि E20 पेट्रोल से गाड़ियों की माइलेज कम हो रहा है और कई वाहनों के इंजन और अन्य पार्ट्स पर भी इसका असर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार का दायित्व है कि वह जनता की आवाज सुने. केजरीवाल ने बताया कि इसी उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है. पत्र में उन्होंने आम लोगों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा है कि सरकार को इस मुद्दे पर तुरंत ध्यान देना चाहिए और जनता के हित में फैसला लेना चाहिए.
दो प्रमुख मांगें रखीं:
केजरीवाल ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री के सामने दो मांगें रखी हैं.
- पहली मांग यह है कि देश के सभी पेट्रोल पंपों पर लोगों को शुद्ध पेट्रोल और E20 पेट्रोल, दोनों का विकल्प उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने कहा कि यदि कोई उपभोक्ता E20 पेट्रोल नहीं भरवाना चाहता और सामान्य पेट्रोल का उपयोग करना चाहता है तो उसे यह सुविधा मिलनी चाहिए.
- दूसरी मांग E20 की कीमत को लेकर है. उन्होंने कहा कि यदि E20 पेट्रोल से माइलेज कम मिल रही है तो उसकी कीमत भी सामान्य पेट्रोल से कम होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जब एक लीटर पेट्रोल से वाहन कम दूरी तय करेगा तो उपभोक्ता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा. ऐसे में सरकार को इसकी कीमत कम करनी चाहिए.
प्रधानमंत्री से मांगा मिलने का समय
AAP प्रमुख ने बताया कि उन्होंने पत्र में प्रधानमंत्री से मुलाकात का समय भी मांगा है. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में पेट्रोल पंपों और सर्विस स्टेशनों पर जाकर लोगों से मिला हूं और वाहन मालिकों की समस्याओं को करीब से सुना है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को यह बताना चाहते हैं कि आम लोग इस मुद्दे पर क्या महसूस कर रहे हैं और E20 पेट्रोल से जुड़े कौन-कौन से तकनीकी सवाल सामने आ रहे हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री उन्हें जल्द मिलने का समय देंगे.
देशभर में शुरू की ऑनलाइन पिटीशन:
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि आम आदमी पार्टी ने E20 पेट्रोल के मुद्दे पर देशव्यापी ऑनलाइन पिटीशन शुरू की है. यह पिटीशन प्रधानमंत्री के नाम है और इसमें लोग अपने हस्ताक्षर करने के साथ-साथ अपने अनुभव भी साझा कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि यदि किसी वाहन की माइलेज पहले से कम हो गई है या E20 के कारण किसी तरह की तकनीकी समस्या आई है तो लोग उसका जिक्र पिटीशन में कर सकते हैं.
उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने की अपील की. केजरीवाल ने कहा कि जब भी प्रधानमंत्री से मुलाकात होगी, तब वह देशभर से मिले सभी हस्ताक्षरों और लोगों के अनुभवों का संकलन उन्हें सौंपेंगे, जिससे सरकार जनता की वास्तविक समस्याओं को समझ सके.
सोशल मीडिया अभियान चलाने की अपील:
केजरीवाल ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों और सर्विस स्टेशनों पर जाएं और वाहन चालकों से बातचीत करें. उन्होंने कहा कि लोगों के अनुभवों के वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किए जाएं. उन्होंने आम लोगों से भी अपने अनुभवों के वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की अपील की. उन्होंने कहा कि जब बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं सार्वजनिक करेंगे, तभी सरकार पर इस मुद्दे पर कार्रवाई करने का दबाव बनेगा.
गुरुवार शाम 5 बजे जंतर-मंतर जाएंगे:
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अरविंद केजरीवाल ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि यह आंदोलन परीक्षा प्रणाली में सुधार, पेपर लीक पर रोक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहा है. उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी इस आंदोलन और इसकी मांगों का समर्थन करती है. इसी के तहत गुरुवार शाम 5 बजे जंतर-मंतर पहुंचकर आंदोलन में शामिल होंगे और प्रदर्शनकारियों के साथ एकजुटता जताएंगे. उन्होंने बताया कि इससे पहले सांसद संजय सिंह और विधायक राधेश्याम भी आंदोलन स्थल पर जाकर अपना समर्थन दे चुके हैं.
केजरीवाल ने कहा कि आंदोलन में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत चिंता का विषय है. उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक देश की धरोहर हैं और उनकी सेहत सबसे जरूरी है. अरविंद केजरीवाल ने उनसे भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक आंदोलन जारी रखने के कई अन्य तरीके भी हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पहुंचकर उनसे मुलाकात करेंगे और आंदोलन के प्रति अपना समर्थन भी व्यक्त करेंगे.



