latest-newsएनसीआरदिल्ली

बीच सड़क पर कांस्टेबल का खूनी खेल! पत्नी को उतारा मौत के घाट, खौफनाक वारदात CCTV में कैद

संवाददाता

नई दिल्ली । पूर्वी दिल्ली के ईस्ट विनोद नगर और कल्याणपुरी के बीच एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. इस घटना ने एक बार फिर खाकी वर्दी और उस पर किए जाने वाले भरोसे को कठघरे में खड़ा कर दिया है. आरोप है कि दिल्ली पुलिस की एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) में तैनात एक कांस्टेबल ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और उसे सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गया.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतका की पहचान प्रियंका के रूप में हुई है. हत्या का गंभीर आरोप उसके पति मनीष पर लगा है, जो हाल ही में पूर्वी दिल्ली के ATS में कांस्टेबल तैनात हुआ था. वारदात को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी पुलिसकर्मी फरार है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं.

चश्मदीद ने बयां किया खौफनाक मंजर

घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीद (Eyewitness) गोलू ने इस खौफनाक रात का आंखों देखा हाल बयां किया. रात करीब 3:30 बजे एक डिलीवरी बॉय वहां से गुजर रहा था, तभी उसने सड़क किनारे एक महिला को खून से लथपथ हालत में पड़े देखा. डिलीवरी बॉय ने तुरंत गाड़ी रोकी और 100 नंबर पर पुलिस को कॉल कर सूचना दी. महिला बाइक पर सवार होकर आई थी, लेकिन मौके पर वह अकेली और बेहद गंभीर हालत में पड़ी मिली.

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गोलू और डिलीवरी बॉय ने पुलिस का इंतजार करने के बजाय खुद महिला को एक ऑटो में डाला और पास के लाल बहादुर शास्त्री (LBS) अस्पताल ले गए. हालांकि, खून ज्यादा बह जाने के कारण अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

वर्दी पर उठे गंभीर सवाल

पुलिस ने प्रियंका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस सूत्रों का दावा है कि मनीष ने ही प्रियंका की हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंका था.

अगर जांच में ये आरोप पूरी तरह सही साबित होते हैं, तो यह सिर्फ एक पति द्वारा पत्नी की हत्या का मामला नहीं रह जाएगा. यह सीधे तौर पर उस वर्दी और सिस्टम पर एक गहरा दाग है, जिसे कानून का रक्षक माना जाता है. जिस कांस्टेबल के कंधों पर आम जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, वही अपनी पत्नी का कातिल बन बैठा. फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की असल वजह (Motive) तलाशने और फरार आरोपी कांस्टेबल की गिरफ्तारी में जुटी हुई है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com