
संवाददाता
नई दिल्ली । आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए चुनी गई टीम इंडिया से मोहम्मद सिराज बाहर हो गए हैं. 6 जून को जब टीम का ऐलान हुआ तो सिराज का नाम उसमें था. लेकिन अब उनके उस टीम से बाहर होने की खबर है. सिराज की जगह प्रसिद्ध कृष्णा को T20 टीम में मौका मिला है. भारत का आयरलैंड और इंग्लैंड का दौरा जून-जुलाई में होना है.
सिराज क्यों हुए टीम से बाहर?
अब सवाल है कि मोहम्मद सिराज बाहर क्यों हुए? BCCI द्वारा जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, सिराज ने ऐहतियात बरतते हुए ये कदम उठाया है. उन्हें डॉक्टर ने आराम की सलाह दी, जिसे ध्यान में रखकर उन्होंने आयरलैंड और इंग्लैंड की सीरीज से अपना नाम वापस ले लिया. बोर्ड ने बताया कि ‘बीसीसीआई की मेडिकल टीम और टीम मैनेजमेंट के बीच हुई विस्तृत चर्चा के बाद, मोहम्मद सिराज को उनके वर्कलोड मैनेजमेंट प्रोग्राम के तहत आराम की सलाह दी गई है. यह फैसला एक एहतियाती कदम के रूप में लिया गया है, ताकि आगामी व्यस्त सीजन से पहले वे पूरी तरह रिकवर और तरोताजा हो सकें।मोहम्मद सिराज की जगह कर्नाटक के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया गया है, जिन्होंने हाल ही में खत्म हुए IPL 2026 में गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया था.
प्रसिद्ध कृष्णा की चमकी किस्मत
सिराज के बाहर होने के बाद दाएं हाथ के लंबे कद के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा के लिए यह एक बड़ा मौका है. प्रसिद्ध कृष्णा अपनी अतिरिक्त उछाल और गति के लिए जाने जाते हैं. आयरलैंड और इंग्लैंड की तेज तथा मददगार पिचों पर प्रसिद्ध कृष्णा भारतीय गेंदबाजी आक्रमण को और अधिक मजबूती प्रदान कर सकते हैं. इस टीम की कमान स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर के हाथों में है, जबकि युवा तिलक वर्मा को टीम का उपकप्तान बनाया गया है. टीम में वैभव सूर्यवंशी और प्रिंस यादव जैसे कई नए और युवा चेहरों को भी मौका मिला है.
आयरलैंड और इंग्लैंड टी20 सीरीज के लिए भारत का अपडेटेड स्क्वाड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी और प्रसिद्ध कृष्णा.



