
संवाददाता
नई दिल्ली । गैंगस्टर हाशिम बाबा गिरोह के एक वांछित शूटर को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान आमिर उर्फ सलीम के रूप में हुई है. आरोपी पिछले दो वर्षों से फरार चल रहा था और हत्या के एक सनसनीखेज मामले में वांछित था. डीसीपी क्राइम संजीव यादव के अनुसार, क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में मेट्रो डिपो के पास आने वाला है.
सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर मान और इंस्पेक्टर सुन्दर गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में जाल बिछाया. बीती रात करीब 10:48 बजे पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया. खुद को घिरा हुआ देखकर आरोपी ने अपनी पिस्टल निकाल ली और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में हेड कांस्टेबल मनोज ने आत्मरक्षा के तहत आरोपी के पैर को निशाना बनाकर गोली चलाई. गोली लगने से आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया.
डबल मर्डर केस का आरोपी है आमिर
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आमिर उर्फ सलीम गैंगस्टर हाशिम बाबा गिरोह से जुड़ा हुआ है और दो साल पहले दिवाली की रात हुई दोहरे हत्याकांड की वारदात में शामिल था.आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर घर के बाहर दिवाली मना रहे चाचा-भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी थी.
इस घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी. क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है.पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों, हथियारों की सप्लाई और उससे जुड़े आपराधिक नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है.अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और जल्द ही कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं.



