एनसीआरनोएडा

बेटे का गला घोंट मार डाला, पकड़े जाने पर ब्लेड से काटा खुद का गला… प्रॉपर्टी की खातिर हैवान बना पिता

संवाददाता

नाेएडा । ग्रेटर नोएडा से दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक पिता ने संपत्ति विवाद में अपने परिवार को फंसाने की साजिश रचते हुए खुद के इकलौते बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी. फिर इस घटना को हत्या का रूप देने की साजिश करते हुए शव को तालाब में फेंक दिया ताकि लोगों को यह लगे कि संपत्ति विवाद में दूसरे परिवार के सदस्यों ने उसकी हत्या कर दी है. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.

गुरुवार यानी 07 मई को कासना थाने में 13 वर्षीय लड़के के लापता होने की सूचना दी गई थी. सूचना मिलते ही पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी थी. पुलिस टीम ने इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किए और आसपास के लोगों और बच्चों से पूछताछ शुरू कर दी. जांच के दौरान पता चला कि आखिरी बार लड़का अपने पिता के साथ कार में जाता हुआ दिखाई दिया.

यहीं से पुलिस की जांच की सुई पिता के ऊपर घूम गई. पुलिस ने पिता को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो वह लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा. पूछताछ के दौरान पिता बार-बार अपने बयान बदलते रहा. पुलिस को उसकी बातों पर शक हुआ और टीम ने उससे लगातार पूछताछ जारी रखी. वह लगातार पूछताछ में अलग-अलग कहानी बनाता रहा ताकि जांच की दिशा भटक जाए. लेकिन पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच के चलते उसकी साजिश ज्यादा देर तक नहीं चल सकी.

सिरसा गांव के तालाब में मिला बच्चे का शव

कासना थाना पुलिस को सूचना मिली कि सिरसा गांव स्थित 6 प्रतिशत कॉलोनी के पास एक तालाब में एक बच्चे का शव पड़ा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे जब शव की पहचान की गई तो वह वही 13 वर्षीय बच्चा निकला जिसकी सुबह गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी. शव मिलने के बाद परिवार और गांव में चीख पुकार मच गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी.

पुलिस की जांच में धीरे-धीरे जो सच्चाई सामने आए उसने सभी को हैरान कर दिया. जांच में पता चला कि बच्चे के पिता ने ही उसकी हत्या की थी. आरोपी का अपने परिवार के अन्य सदस्यों से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद में अपने परिजनों को फसाने की नीयत से उसने अपने बेटे की हत्या कर दी ताकि मामला परिवार के अन्य लोगों पर डाला जा सके. पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले बच्चे की गला दबाकर हत्या की. फिर शव को तालाब में फेंक दिया ताकि मामला हादसा या अपहरण जैसा लगे.

आरोपी पिता ने खुद का काटा गला

मृतक बच्चा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा बताया जा रहा है. गांव के लोगों का कहना है कि किसी ने कभी सोचा नहीं था कि एक बाप अपने बेटे के साथ ही इतनी बेरहमी कर सकता है. घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है. लोग आरोपी पिता को खोजते हुए नजर आए है. ग्रामीणों का कहना है की संपत्ति के लालच में एक पिता को इतना अंधा बना दिया कि उसने अपने ही घर का चिराग बुझा दिया.

पकड़े जाने पर आरोपी पिता ने भी सुसाइड करने की भी कोशिश की. बीच सड़क पर धारदार ब्लेड से उसने अपना गला काट लिया. पूरे मामले में ग्रेटर नोएडा के डीसीपी डॉ प्रवीण रंजन ने बताया कि आरोपी पिता ने बड़ी सोची समझी साजिश से इस पूरी वारदात को अंजाम दिया. वह लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com