latest-newsएनसीआरगाज़ियाबाद

गाजियाबाद की पुलिस चौकी में धमाका- साजिश या महज हादसा? हर एंगल से जांच कर रहीं टीमें

संवाददाता

गाजियाबाद। गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी के अंदर हुए धमाके ने सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय पुलिस की नींद उड़ा दी है। शुरुआती जांच में पता चला है कि ये धमाका AC कंप्रेसर फटने या साधारण पटाखे की वजह से नहीं हुआ। ऐसे में इस ब्लास्ट ने हर किसी को ये सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर ये धमाका कैसे हुआ।

गाजियाबाद में वसुंधरा पुलिस चौकी में धनतेरस की रात हुए धमाके की जांच के लिए ATS की टीम भी मौके पर पहुंची है। डीआईजी एटीएस अभिषेक यादव के नेतृत्व में टीम धमाके की वजह और इसमें आतंकी साजिश की आशंका की जांच कर रही है।

हालांकि, शुरुआती जांच में एसी या चौकी में रखे पटाखों में विस्फोट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही कि कहीं एलिवेटेड रोड से कोई विस्फोटक तो नहीं फेंका गया। सोशल मीडिया पर आतंकी संगठन के नाम से धमाके की जिम्मेदारी लेने वाले दावे की भी जांच की जा रही है।

Ghaziabad Police Commissioner J Ravinder Goud on Vasundhara police chowki explosion

धमाका इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच हुआ। धमाका इतना तेज था कि चौकी के कमरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। एसी क्षतिग्रस्त हो गए और दीवार में दरार आ गई। धमाके की आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। घटना के वक्त चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर मौजूद था। हालांकि, उसके घायल होने या सुरक्षित होने की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।

चौकी के पास से गुजर रहा 20 साल का युवक विशाल भी धमाके की चपेट में आकर घायल हो गया। वह खाना डिलीवर करने जा रहा था। उसे मामूली चोट आई है।शनिवार सुबह धमाके वाली चौकी के ऊपर से गुजरने वाली एलिवेटेड रोड पर दिल्ली नंबर की एक स्कूटी संदिग्ध हालत में मिली। फिलहाल, स्कूटी और चौकी में हुए धमाके के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।

इस बीच, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ‘गाजी-2’ नाम के हैंडल से ‘तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान’ नाम के संगठन ने धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस पोस्ट की सत्यता और संगठन की पहचान की जांच कर रही हैं।

उधर, मौके पर पहुंचे पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड ने बताया- बम निरोधक दस्ता, फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। यूपी पुलिस की अलग-अलग एजेंसियां जांच में जुटी हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमाका किस वजह से और किस चीज से हुआ। फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही धमाके की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com