latest-newsएनसीआरदिल्ली

दिल्ली में बनेगा देश का सबसे लंबा छठ घाट! मुनक नहर पर 11 KM तक होगी पूजा

संवाददाता

नई दिल्ली।  दिल्ली में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. इस बार राजधानी में मुनक नहर पर 11 किलोमीटर लंबा भव्य छठ घाट तैयार किया जा रहा है. बाहरी रिंग रोड से इंद्रलोक तक विकसित हो रहे इस घाट का उद्घाटन 12 नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन करेंगे. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को जनसेवा सदन में छठ पूजा समितियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए. किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मुनक नहर पर बनाए जा रहे 11 किलोमीटर लंबे घाट के दोनों ओर सीढ़ियां और सीमेंट की सड़क तैयार की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के लिए आने-जाने में परेशानी न हो.

1400 से ज्यादा घाटों पर होगी पूजा
दिल्ली में इस साल छठ पूजा के लिए 1400 से अधिक घाट तैयार किए जा रहे हैं, जबकि पिछले साल 1326 घाट बनाए गए थे. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पूजा से दो दिन पहले सभी प्रमुख तैयारियां पूरी कर ली जाएं. इस साल छठ महापर्व 13 से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा. संभावित ठंड को देखते हुए बड़े और मध्यम आकार के घाटों पर जरूरत के मुताबिक कवर वाले टेंट लगाने को कहा गया है.
महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, घाटों पर सीसीटीवी

मुख्यमंत्री ने महिलाओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए प्रमुख घाटों पर पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम और शौचालय बनाने के निर्देश दिए. बड़े घाटों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी. घाटों और आसपास के इलाकों में साफ-सफाई के लिए अतिरिक्त टीमें तैनात की जाएंगी. खासतौर पर 15 और 16 नवंबर को 24 घंटे सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं.
घाटों तक जाने वाले रास्तों पर रोशनी का इंतजाम

श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए पहुंच मार्गों की मरम्मत और पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने को कहा गया है. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि किसी भी रास्ते पर अंधेरा या डार्क स्पॉट नहीं रहना चाहिए. प्रमुख घाटों पर स्वागत द्वार भी बनाए जाएंगे, ताकि मुख्य सड़क से ही घाटों की पहचान हो सके.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि छठ महापर्व दिल्ली की सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है. सरकार का प्रयास है कि हर व्रती और श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल में पूजा कर सके. उन्होंने अधिकारियों को तैयारियों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com