
संवाददाता
नई दिल्ली। यमुना में दिल्ली सरकार के क्रूज पर्यटन प्रोजेक्ट का मंगलवार को शुभारंभ हो गया है. इस प्रोजेक्ट के तहत आज से सोनिया बिहार से जगतपुरी के बीच नमो यमुना क्रूज सफारी शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इस प्रोजेक्ट का उद्धाटन किया. इससे पहले यमुना के छह किलोमीटर के हिस्से में ट्रॉयल किया गया. ट्रॉयल सफल होने के बाद प्रोजेक्ट की विधिवत शुरूआत हुई है.
अधिकारियों के मुताबिक राष्ट्रीय जलमार्ग अधिनियम, 2016 के तहत यमुना नदी को राष्ट्रीय जलमार्ग-110 घोषित किया गया है. इसी क्रम में दिल्ली में यमुना नदी के सोनिया विहार-जगतपुर खंड में क्रूज सेवा शुरू की गई है. प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक पूरी क्रूज यात्रा के लिए फिलहाल 500 रुपये किराया तय किया गया है. इसके लिए टिकट दिल्ली पर्यटन वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन उपलब्ध है.
दिल्ली में मिला पर्यटन का नया विकल्प
इस प्रोजेक्ट से दिल्लीवासियों ही नहीं, बाहर से यहां आने वाले पर्यटकों को नदी में क्रूज की सैर के रूप में पर्यटन का नया विकल्प मिल गया है. इस क्रूज में सवारी कर लोग कुछ अलग और अनोखा अनुभव करेंगे. भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) के इस प्रोजेक्ट में DDA, दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (DTTDC), दिल्ली जल बोर्ड (DJB) और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग सहयोगी हैं.
ये होंगी सुविधाएं
प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक यमुना में उतारी जा रही सभी क्रूज नौकाएं पूरी तरह वातानुकूलित होंगी. इनमें शून्य अपशिष्ट निकासी वाली जैव शौचालय की व्यवस्था की गई है. शीशे की बड़ी खिड़कियों से लोग क्रूज में बैठकर बाहर का नजारा देख सकेंगे. इसमें अत्याधुनिक उद्घोषणा प्रणाली और सुरक्षा जैकेट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है. इसके लिए महज 500 रुपये किराया तय किया गया है.



