latest-newsदेश

देश के अमीर घरानों में सात यूपी के, सात समूहों की कुल नेटवर्थ 7.52 लाख करोड़ रुपये

संवाददाता

नई दिल्ली। देश के सबसे मूल्यवान पारिवारिक कारोबारी घरानों की नई सूची में यूपी ने मजबूत पहचान दर्ज कराई है। बार्कलेज प्राइवेट क्लाइंट्स और हुरुन इंडिया की ताजा सूची में प्रदेश से जुड़े सात घराने शामिल हैं। इन सात समूहों की कुल नेटवर्थ करीब 7.52 लाख करोड़ रुपये है। यह उपलब्धि बताती है कि नोएडा-ग्रेटर नोएडा से लेकर कानपुर, गाजियाबाद और अमरोहा तक यूपी देश के बड़े पारिवारिक कारोबार के केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है।

सूची में एचसीएल टेक्नोलॉजीज, डाबर इंडिया, जुबिलेंट भरतिया समूह, जेके सीमेंट, हैवेल्स इंडिया, पीजी इलेक्ट्रोप्लास्ट और जैक्सन समूह शामिल हैं। इनमें से कई समूहों ने यूपी को अपना कारोबारी आधार बनाकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है।

प्रदेश से जुड़े कारोबारी घरानों में शिव नाडर व रोशनी नाडर की अगुवाई वाला एचसीएल टेक्नोलॉजीज सबसे मूल्यवान है। इसका मूल्यांकन 2.91 लाख करोड़ है और राष्ट्रीय सूची में यह आठवें स्थान पर है। कंपनी का मुख्यालय नोएडा में है। यह कारोबारी समूह देश के शीर्ष 10 घरानों में जगह बनाने में सफल रहा है।

– मोहित बर्मन की अगुवाई वाले डाबर इंडिया का मूल्यांकन करीब 1.03 लाख करोड़ रुपये है। कंपनी की कॉरपोरेट मौजूदगी कौशांबी, साहिबाबाद और गाजियाबाद में है। गाजियाबाद में कॉरपोरेट कार्यालय के साथ उसका शोध एवं विकास केंद्र भी है।

– श्याम एस भरतिया की अगुवाई वाले जुबिलेंट भरतिया समूह की नेटवर्थ करीब 82700 करोड़ रुपये हैं। इसका कॉरपोरेट कार्यालय नोएडा में है। वहीं जुबिलेंट फार्मोवा का पंजीकृत कार्यालय गजरौला, अमरोहा में हैं। समूह दवा, रसायन, कृषि उत्पाद और खाद्य सेवा समेत कई क्षेत्रों में सक्रिय है।

– कानपुर में सुशीला देवी सिंघानिया के नेतृत्व और राघवपति व माधवकृष्ण की अगुवाई वाला जेके सीमेंट करीब 74400 करोड़ रुपये के मूल्यांकन के साथ सूची में शामिल है। समूह के प्रमुख संयंत्रों में अलीगढ़, हमीरपुर और प्रयागराज भी शामिल हैं।

– अनिल राय गुप्ता के नेतृत्व वाले हैवेल्स इंडिया का मूल्यांकन 72800 करोड़ रुपये है। इसका कार्यालय नोएडा में हैं।

– ग्रेनो. स्थित अनुराग गुप्ता की पीजी इलेक्ट्रोप्लास्ट की नेटवर्थ 15300 करोड़ रुपये। वहीं, समीर गुप्ता की अगुवाई वाले जैक्सन समूह की हैसियत 13000 करोड़ रुपये है। इनकी प्रमुख कारोबारी मौजूदगी नोएडा और ग्रेटर नोएडा में है।

नए शहरों में नए कारोबारी परिवार तेजी से उभर रहे हैं

हुरुन इंडिया के मुख्य शोधकर्ता अनस रहमान जुनैद का कहना है कि नए शहरों में नए कारोबारी परिवार तेजी से उभर रहे हैं। यूपी की मजबूत स्थिति अर्थव्यवस्था के लगातार मजबूत होते कारोबारी आधार का संकेत है।

हुरुन इंडिया: हुरुन रिपोर्ट (लंदन, 1999) का हिस्सा हुरुन इंडिया की साख ‘फोर्ब्स’ और ‘ब्लूमबर्ग’ के समकक्ष है। इसके संस्थापक और मुख्य शोधकर्ता अनस रहमान जुनैद हैं। इसका मुख्यालय मुंबई में है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com