
संवाददाता
गाजियाबाद । जिला एमएमजी अस्पताल के सभी स्वास्थ्यकर्मी एक बार फिर हड़ताल पर चले गए हैं। नर्सिंग स्टाफ के साथ मारपीट करने वाली महिला की गिरफ्तारी न होने के विरोध में स्वास्थ्य कर्मियों ने हड़ताल शुरू कर दी। आरोप है कि उन्हें आश्वासन दिए जाने के बाद भी पुलिस स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। पूर्व में भी आश्वासन के कारण हड़ताल को स्थगित कर दिया गया था। लेकिन इस मामले में एफआईआर भी दर्ज नहीं की गई है।
बता दें कि आठ जुलाई को जिला एमएमजी अस्पताल में स्टाफ नर्स हिना विक्टर, दीपा और अलका के साथ मरीज अरविंद मिश्रा की पत्नी द्वारा मारपीट किए जाने के केस में पुलिस द्वारा आरोपी महिला को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। इसको लेकर शनिवार को भी सवस्थ्य कर्मियों ने हड़ताल की थी, लेकिन उस समय में पुलिस द्वारा दो घंटे में आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन मिलने पर चार घंटे बाद हड़ताल स्थगित कर दी गई थी। लेकिन चौथे दिन भी इस मामले में कोई कार्रवाई न होने से नाराज स्वास्थ्य कर्मियों ने हड़ताल कर दी।
इमरजेंसी को छोडक़र सभी अस्पताल की सभी सेवाओं को ठप कर दिया गया है। परिसर में चिकित्सक, नर्स, फार्मासिस्ट, वार्ड ब्वॉय और चपरासी धरने पर बैठ गए हैं। स्वास्थ्यकर्मियों की मांग है कि मारपीट करने वाली महिला तुरंत गिरफ्तार हो। सीएमएस डॉ.राकेश कुमार ने बताया कि सात दिन बाद भी इस मामले में एफआईआर न होना दर्शाता है कि पुलिस इस मामले में कितनी संवदेनशील है और डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर कितनी ठोस कार्रवाई हुई है।



