
विशेष संवाददाता
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी के बाद अब देश में नई पार्टी का आगाज होने जा रहा है, जिसका नाम सुनकर लोग हैरान भी हैं और मुस्कुरा भी रहे हैं, दरअसल सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज और अपने बयानों को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहने वाले माकंर्डेय काटजू ने ‘इश्क करो पार्टी’ लॉन्च करके लोगों को एक नई बहस का भी मौका दे दिया है।
सोशल मीडिया पर इसकी घोषणा करते हुए काटजू ने युवाओं को अपनी पार्टी से जुड़ने का निमंत्रण दिया है, उन्होंने कहा कि ‘समाज में नफरत और टकराव की राजनीति के बजाय प्रेम, संवाद और भाईचारे को बढ़ावा देने की जरूरत है इसलिए मैं ‘इश्क करो पार्टी’ की घोषण करता हूं , जिसका स्लोगन है – ‘युद्ध नहीं, प्यार करो’।
काटजू ने एक्स पर यह जानकारी साझा की और कहा कि इच्छुक लोग जुड़ने के लिए ईमेल का उपयोग कर सकते हैं। काटजू खुद इस नई पार्टी के संरक्षक बने हैं। काटजू ने बताया कि पार्टी के चेयरमैन इरफान अली हैं जो कि अमेरिका के न्यू जर्सी के रहने वाले हैं। पार्टी की वेबसाइट बहुत जल्द बनाई जाएगी काटजू के मुताबिक पार्टी की वेबसाइट बनाई जा रही है। इसका इंस्टाग्राम पेज भी तैयार किया जा रहा है। फिलहाल पार्टी का कोई औपचारिक घोषणापत्र जारी नहीं किया गया है।
मार्कडेय काटजू भारत के मशहूर कानूनविद और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज हैं। वे 2011 से 2014 तक प्रेस काउंसिल आॅफ इंडिया के चेयरमैन भी रहे है, वे राजनेता शिव नाथ काटजू के बेटे और कैलाश नाथ काटजू के पोते हैं। वे ‘इंडियन रीयुनिफिकेशन एसोसिएशन’ (आईआरए) के संस्थापक और संरक्षक भी हैं।
नई पार्टी और विवाद बीते शनिवार को ‘कॉकरोच जनता पाटी’ (सीजेपी) ने दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया था। उनका मुख्य मुद्दा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा था। सीजेपी का नेतृत्व अभिजीत दीपके कर रहे हैं। एक तरफ व्यवस्था के खिलाफ कॉकरोच क्रांति की बात है, तो दूसरी तरफ ‘मेक लव, नॉट वॉर’ का संदेश। सवाल यह है कि युवाओं को ज्यादा आकर्षित कौन करेगा?



