
संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली के हौजखास इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक रिटायर्ड आईएएस अधिकारी के घर में AC के इंडोर यूनिट में कथित ब्लास्ट के बाद आग लग गई. घर में धुंआ भरने से 80 वर्षीय रिटायर्ड आईएएस अधिकारी की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि उनका 30 वर्षीय बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है. फायर विभाग की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
बुधवार रात हुआ हादसा
घटना बुधवार रात करीब 11 बजकर 18 मिनट की है, जब हौजखास थाना पुलिस को R-15 हौजखास स्थित एक मकान में आग लगने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस और फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. बताया जा रहा है कि ग्राउंड फ्लोर पर लगे AC के इंडोर यूनिट में विस्फोट के बाद आग लगी और देखते ही देखते पूरे हिस्से में धुंआ भर गया.
मौके पर पहुंची फायर विभाग की दो गाड़ियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया. पुलिस और दमकल कर्मियों ने घर के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला. इस दौरान रिटायर्ड आईएएस अधिकारी धनेन्द्र कुमार और उनके बेटे को गंभीर हालत में बाहर निकालकर तुरंत AIIMS ट्रॉमा सेंटर भेजा गया.
हालांकि इलाज के दौरान 80 वर्षीय धनेन्द्र कुमार की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि उनका बेटा अभी भी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है. वहीं अधिकारी की पत्नी और दो घरेलू सहायकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
पड़ोसियों के मुताबिक हादसे के वक्त परिवार के सदस्य अपने-अपने कमरों में मौजूद थे. अचानक तेज आवाज आई और कुछ ही देर में घर धुंए से भर गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर विभाग को सूचना दी.
फिलहाल पुलिस और फायर विभाग इस बात की जांच कर रहे हैं कि आखिर AC यूनिट में विस्फोट कैसे हुआ और आग लगने की असली वजह क्या थी.
ANI के अनुसार एक क्राइम टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है, और फ़िलहाल बिजली से जुड़ा निरीक्षण चल रहा है। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर लिए हैं और कहा है कि इस चरण पर किसी भी तरह की साज़िश का संदेह नहीं है. अधिकारियों ने बताया कि इस घटना की आगे की जांच जारी है.
कौन थे धनेन्द्र कुमार
- धनेंद्र कुमार 1968 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी थे.
- हरियाणा कैडर के अधिकारी के रूप में उन्होंने करनाल व जींद के डिप्टी कमिश्नर के रूप में सेवा दी.
- बाद में वे हरियाणा के मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव व सिंचाई, बिजली एवं उद्योग मंत्रालयों के प्रमुख सचिव रहे.
- केंद्र सरकार में उन्होंने रक्षा उत्पादन, सड़क परिवहन, राजमार्ग और संस्कृति मंत्रालयों में सचिव जैसी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं.
- अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने विश्व बैंक में भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका व भूटान के कार्यकारी निदेशक के रूप में प्रतिनिधित्व भी किया.
- इसके बाद वे भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) के पहले अध्यक्ष बने. अक्टूबर 2005 में में रक्षा उत्पादन सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए थे.
- रिटायर्ड आईएएस अधिकारी धनेन्द्र कुमार देश के कई अहम सरकारी विभागों में अपनी सेवाएं दे चुके थे.



