
संवाददाता
नई दिल्ली । दिल्ली के सरिता विहार में लेखिका मधु किश्वर के ऑफिस पर चंडीगढ़ पुलिस मंगलवार को पहुंची. प्रधानमंत्री मोदी के फर्जी वीडियो के मामले में पूछताछ और नोटिस देने के लिए चंडीगढ़ पुलिस लेखिका मधु किश्वर के दफ़्तर पहुंची.
दरअसल, 19 अप्रैल को प्रधानमंत्री मोदी का बताकर एक फर्जी और भ्रामक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया. इसे लेकर चंडीगढ़ पुलिस ने लेखिका मधु किश्वर के खिलाफ केस दर्ज किया. पुलिस की एक टीम देर रात उनके दफ़्तर नोटिस देने पहुंची थी. यह मामला सेक्टर 19 पुलिस स्टेशन चंडीगढ़ में भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट के तहत दर्ज हुआ है.
सेक्टर 19 चंडीगढ़ की SHO सरिता रॉय ने कहा, “19 अप्रैल को सेक्टर 26 पुलिस स्टेशन में एक FIR दर्ज की गई है. यह एक वीडियो से जुड़ी है जिसे ट्वीट किया गया था. मधु किश्वर पर इसे रीट्वीट करने का आरोप है. हम उन्हें 35.3 BNSS का नोटिस देने आए थे. उन्हें पुलिस स्टेशन में पेश होने का नोटिस दिया गया है. इसके लिए कल की तारीख तय की गई है, इसलिए उसके बाद हम देखेंगे”
वहीं, नोटिस मिलने पर लेखिका मधु किश्वर ने बताया, ”मुझे नोटिस दिया गया है. चंडीगढ़ पुलिस के द्वारा मैंने रिसीव कर लिया है. मुझ पर चंडीगढ़ पुलिस ने कई मामलों में मामला दर्ज किया है. मुझे ट्विटर के माध्यम से ही पता चला था कि मैं किसी 17 साल के युवक को फंसा रही हूं, उसका एक्सटॉर्शन कर रही हूं. इसलिए मुझ पर पोक्सो भी लगाया जाएगा. अब देखते हैं आगे क्या होता है. फिलहाल मुझे नोटिस का जवाब देना है. मुझे लगता है कि यह छोटी-मोटी बात है. इसे मैं आसानी से हैंडल कर सकती हूं.”
बता दें कि लेखिका मधु किश्वर पर संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ फर्जी और भ्रामक सामग्री फैलाने का आरोप है. चंडीगढ़ पुलिस की टीम ने उनके सरिता विहार स्थित घर पर दबिश दी. मधु किश्वर ने रात में पुलिस के आने पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि महिला को सूर्योदय से पहले गिरफ्तार नहीं किया जा सकता, उन्होंने नोटिस सुबह लेने की बात कही. एक शिकायत के आधार पर, यह जांच की जा रही है कि वीडियो-कंटेंट फैलाने में कौन-कौन शामिल है.



