latest-newsदेश

राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी उम्मीदवारों की लिस्ट जारी, बिहार से नितिन नवीन को टिकट

संवाददाता

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपने 9 प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है. बीजेपी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को भी मैदान में उतारा है. बीजेपी ने बिहार से नितिन और शिवेश राम को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है. चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के लिए 5 मार्च आखिरी तारीख है. वोटिंग 15 मार्च को होनी है. इसी दिन मतों की गिनती भी होगी.

बीजेपी ने आज मंगलवार को 6 राज्यों के 9 राज्यसभा उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया. हालांकि पार्टी ने अभी महाराष्ट्र के उम्मीदवारों का नाम का ऐलान नहीं किया है. पार्टी ने हरियाणा से संजय भाटिया को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है तो पश्चिम बंगाल से राहुल सिन्हा को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया गया है. बीजेपी ने छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा को और ओडिशा से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन शामल और सुजीत कुमार को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है. असम से तराश गोवाला और जगनमोहन को उम्मीदवार बनाया गया है.

बिहार में चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज

बात करें बिहार की तो यहां राज्यसभा चुनाव-2026 को लेकर सरगर्मी चरम पर है. बिहार से जिन 5 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल में खत्म हो रहा है, उनमें उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, प्रेमचंद्र गुप्ता, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर, अमरेंद्र धारी सिंह और उपेंद्र कुशवाहा हैं. इनमें हरिवंश नारायण सिंह और रामनाथ ठाकुर जेडीयू के, प्रेमचंद्र गुप्ता और अमरेंद्र धारी सिंह आरजेडी के और उपेंद्र कुशवाहा राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रतिनिधि हैं.

5वीं सीट को लेकर जोड़-तोड़ की चर्चा तेज

विधानसभा चुनाव-2025 में चुने गए विधायकों की संख्या को देखते हुए पांच में से चार सीटें एनडीए के खाते में जाना तय माना जा रहा है. 5वीं सीट के लिए एनडीए को तीन अतिरिक्त विधायकों के समर्थन की जरूरत होगी. मौजूदा समय में दो सीटें जेडीयू के पास हैं. दो सीटों पर आज बीजेपी ने अपने उम्मीदवार उतार ही दिए हैं. अब बची पांचवीं सीट, जिसको लेकर राजनीतिक जोड़-तोड़ की चर्चा तेज है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com