
संवाददाता
नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने आखिरी पड़ाव पर है. तीन मैच के बाद हमें ये पता चल जाएगा कि टी20 का अगला वर्ल्ड चैंपियन कौन है. अब तक टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भाग लेने वाली 20 टीमों में से 4 टीमों ने सुपर 8 स्टेज के खत्म होने के बाद सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. जिसमें मेजबान भारत के अलावा इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के नाम शामिल हैं. इन चारो टीमों में से सिर्फ दक्षिण अफ्रीका एक ऐसी टीम है जो अभी तक टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारी है.
वेस्टइंडीज को हराकर भारत सेमीफाइनल में पहुंचा
रविवार को कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में खेले गए एक हाई-वोल्टेज मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को पांच विकेट से हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया. पहले बैटिंग करते हुए, वेस्टइंडीज ने 4 विकेट पर 195 रन का बड़ा स्कोर बनाया. लेकिन संजू सैमसन के नाबाद 97 रन की मदद से भारत ने आसानी से टारगेट हासिल कर लिया.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सेमीफाइनल शेड्यूल
इस टूर्नामेंट के दोनों सेमीफाइनल मैचों को लेकर अब क्रिकेट फैंस में काफी उत्साह है. तो आइए जानते हैं कि इस महामुकाबले में किस टीम का सामना किस टीम से कब और कहां होगा?
पहला सेमीफाइनल
टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा. ये मैच बुधवार, 4 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा, जो शाम 7 बजे से शुरू होगा और टॉस 6:30 बजे होगा. इस मैच को जीतने वाली टीम टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन जाएगी.
दूसरा सेमीफाइनल
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल इंडिया और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा. ये महामुकाबला गुरुवार, 5 मार्च को मुंबई के ऐतिहासिक मैदान वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. जो भारतीय समय के अनुसार शाम 7 बजे शुरू होगा.
तीसरी बार होंगे आमने सामने
खास बात ये है कि टीम इंडिया और इंग्लैंड लगातार तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगे. इससे पहले इंग्लैंड ने 2022 में इंडिया से हारा था, जबकि इंडिया ने 2024 में बदला लिया और अब देखना यह है कि 2026 में कौन जीतेगा.
क्या भारत तीसरी बार चैंपियन बनेगा?
डिफेंडिंग चैंपियन इंडिया अब टाइटल से बस दो कदम दूर है. 2007 और 2024 के बाद अब सूर्यकुमार यादव की नजरें घरेलू जमीन पर तीसरी बार ट्रॉफी उठाने पर हैं. अगर भारत सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हरा देता है, तो उसे वर्ल्ड कप फाइनल में फिर से तिरंगा लहराने का मौका मिलेगा.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल
बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मैच 8 मार्च को शाम 7 बजे अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. दोनों सेमीफाइनल की विजेता टीम उस दिन खिताबी मुकाबले में आमने सामने होंगी.



