
संवाददाता
गाजियाबाद। करवाचौथ के पर्व को लेकर बुधवार को सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजारों में साड़ियों, चूड़ियों, आभूषण की दुकानों पर खरीदार बड़ी संख्या में नजर आए। इससे कारोबार भी बढ़़ा है।
महिलाओं ने साड़ी, सूट, चूड़ियां, बिंदी, मेहंदी, कॉस्मेटिक और आभूषणों की जमकर खरीदारी की। व्रत रखने वाली महिलाओं ने करवा, छलनी, पूजा की थाली की खरीदारी की।
तुराबनगर से घंटाघर हर तरह भीड़
बुधवार को तुराबनगर, गांधीनगर, घंटाघर, चौपला और गोल मार्केट में महिलाओं ने अपनी पसंद और बजट के अनुसार साड़ियों की खरीद की। लाल, मैरून, गुलाबी और सुनहरे रंग की साड़ियों के साथ डिजाइनर सूट की मांग भी रही। मैचिंग चूड़ियां, ज्वेलरी, बिछिया और मंगलसूत्र खरीदने में भी महिलाओं ने दिलचस्पी दिखाई।
महिलाओं ने बताया कि करवाचौथ पर्व उनके लिए केवल व्रत का दिन नहीं, बल्कि सजने-संवरने, परिवार के साथ समय बिताने और परंपराओं को निभाने का विशेष अवसर भी है। व्रत रखकर वह जीवनसाथी की लंबी उम्र की कामना ईश्वर से करेंगी।
मैचिंग चूड़ियां और हल्की ज्वेलरी की डिमांड
‘करवाचौथ पर पारंपरिक परिधान पहनने का अलग ही उत्साह रहता है। इस बार लाल रंग की साड़ी के साथ मैचिंग चूड़ियां और हल्की ज्वेलरी खरीदी है। करवाचौथ की खरीदारी में महिलाएं अब फैशन के साथ बजट को भी प्राथमिकता दे रही हैं। बाजार में डिजाइन और रंगों की काफी विविधता है। आनलाइन खरीदारी के बजाय बाजार आकर सामान खरीदना मुझे पसंद है।’



