
संवाददाता
लखनऊ । उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों के लिए मतगणना चल रही है। लखनऊ शिक्षक खंड में भाजपा के उमेश द्विवेदी लगातार तीसरी बार जीते गए हैं। यहां पर नंबर दो सपा के सुशील कुमार रहे। वाराणसी में सपा प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है, मेरठ में दोनों सीटों पर कमल खिला है। बरेली भी भाजपा का परचम रहा। आगरा में भी सपा प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। झांसी और गोरखपुर समेत कई जगह मतगणना हो रही है। वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी के लाल बिहारी यादव ने बड़ी जीत दर्ज की है।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक खंड निर्वाचन क्षेत्र की 11 सीटों पर हुए चुनावों में लखनऊ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के उमेश द्विवेदी ने जीत हासिल की। वाराणसी शिक्षक निर्वाचन सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव जीत गए हैं। शेष सीटों पर अभी मतगणना का सिलसिला चल रहा है।
मेरठ-सहारनपुर खंड शिक्षक और स्नातक सीटों पर लगातार दूसरी बार भाजपा उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। भाजपा उम्मीदवार श्रीचंद शर्मा 18099 वोट हासिल कर विजयी रहे। स्नातक सीट पर भाजपा के दिनेश गोयल 24928 वोट हासिल कर विजयी रहे। आगरा खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव में डॉ. आकाश अग्रवाल ने जीत दर्ज की है।
वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी के लाल बिहारी यादव ने बड़ी जीत दर्ज की है। मतगणना में उन्होंने भाजपा के डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा को 4898 मतों के अंतर से हराया। लाल बिहारी यादव को कुल 10958 मत मिले, जबकि डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा के पक्ष में 6060 मत पड़े। बढ़त के बाद लाल बिहारी यादव माला पहनकर मतगणना स्थल पर घूमते नजर आए। उनकी जीत से सपा समर्थकों में उत्साह रहा।
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद सदस्य के चुनाव की सातवें चक्र की मतगणना पूरी हो गई है। अब तक की गणना में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव 44,897 मत पाकर भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर से 18,639 मतों से आगे चल रहे हैं।
भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर को अब तक 26,258 मत मिले हैं, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी शिवशंकर पटेल के खाते में 3,226 मत आए हैं। सात चक्रों में अब तक कुल 84,052 मतपत्रों की गणना की जा चुकी है। मतगणना के आंकड़ों के अनुसार सपा प्रत्याशी ने अपनी बढ़त बरकरार रखी है।



