
संवाददाता
नई दिल्ली। आप दिल्ली में रहते हैं और शराब पीने के शौकीन हैं तो यह आपके काम की खबर है. देश की राजधानी में प्रीमियम शराब की कीमतों में भारी कमी हो सकती है. दिल्ली का आबकारी विभाग (Excise Department) इसकी समीक्षा कर रहा है. दिल्ली में कुछ प्रीमियम स्कॉच व्हिस्की ब्रांड्स की कीमतों में 10 से 15 फीसदी तक की कमी आ सकती है. आबकारी विभाग भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौते के तहत कम हुई कस्टम ड्यूटी के असर की समीक्षा कर रहा है. हालांकि, यह राहत सभी ब्रांड्स पर लागू होगी, ऐसा जरूरी नहीं है. आबकारी विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, भारत-ब्रिटेन कॉम्प्रिहेंसिव इकोनॉमिक एंड ट्रेड एग्रीमेंट (CETA) के प्रावधानों और इसके तहत कम हुई कस्टम ड्यूटी का दिल्ली में शराब की कीमतों पर असर ब्रांड-दर-ब्रांड देखा जा रहा है. अधिकारियों के मुताबिक, 10 अक्टूबर के बाद कुछ ब्रांड्स की कीमतों में बदलाव देखने को मिल सकता है.
दरअसल, भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौते के तहत पात्र ब्रिटिश व्हिस्की और जिन पर कस्टम ड्यूटी 150 फीसदी से घटाकर 75 फीसदी की गई है. आने वाले वर्षों में इसे चरणबद्ध तरीके से और घटाकर 40 फीसदी तक लाया जाना है. हालांकि, कस्टम ड्यूटी में 50 फीसदी की कमी का सीधा मतलब यह नहीं है कि शराब की खुदरा कीमत भी उतनी ही घटेगी. किसी बोतल की कीमत में कस्टम ड्यूटी के अलावा राज्य का एक्साइज ड्यूटी, टैक्स, रिटेल मार्जिन और अन्य लागत भी शामिल होती है.
हर ब्रांड को नहीं मिलेगा फायदा
अधिकारियों के मुताबिक, CETA के तहत टैक्स में छूट के लिए प्रोडक्ट के मूल देश से जुड़े नियम भी लागू होंगे. सिर्फ ब्रिटिश या इंटरनेशनल ब्रांड का नाम होने से कोई भी बोतल अपने आप कम कस्टम ड्यूटी के लिए पात्र नहीं हो जाती. कुछ शराब ब्रांड तैयार उत्पाद के तौर पर भारत में आयात किए जाते हैं, जबकि कुछ की बॉटलिंग या मैन्युफैक्चरिंग भारत में होती है. ऐसे में कीमतों पर असर अलग-अलग हो सकता है.
एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने का प्रस्ताव भी विचाराधीन
एक तरफ जहां कम कस्टम ड्यूटी से कुछ प्रीमियम शराब के दाम घट सकते हैं, वहीं दिल्ली सरकार में एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने का प्रस्ताव भी विचाराधीन है. फिलहाल एक्साइज ड्यूटी में कोई नई बढ़ोतरी लागू नहीं की गई है. अगर राज्य सरकार एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने का फैसला करती है, तो इससे शराब की कीमतों पर बढ़ोतरी का दबाव आ सकता है और आयातित शराब पर कम कस्टम ड्यूटी से मिलने वाला फायदा आंशिक रूप से खत्म हो सकता है. फिलहाल दिल्ली में सभी प्रीमियम स्कॉच ब्रांड्स के लिए कीमतों में एक समान कटौती की कोई घोषणा नहीं हुई है.



