latest-newsएनसीआरगाज़ियाबाद

गाजियाबाद में राशन डीलरों का लाभांश बढ़ा: मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में 90 से 125 रुपये प्रति क्विंटल हुआ

संवाददाता

गाजियाबाद। गाजियाबाद में राशन डीलरों का लाभांश 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। यह घोषणा सोमवार को कविनगर स्थित रामलीला मैदान के जानकी भवन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के दौरान की गई। इस बढ़ोतरी से उचित दर विक्रेताओं को प्रति क्विंटल 35 रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलेगा।

इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा, मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, अपर जिलाधिकारी नगर विकास कश्यप और जिला सूचना अधिकारी योगेन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि डबल इंजन सरकार हर वर्ग के विकास के लिए संवेदनशील है और उसकी योजनाओं के कारण आज कोई भूखा नहीं सोता। विधायक अजीत पाल त्यागी ने बताया कि सरकार ने लोगों के लिए लाभ के साथ-साथ कमाई के नए साधन भी उपलब्ध कराए हैं।

गाजियाबाद जिले में कुल 556 राशन डीलर कार्यरत हैं। जिले में पात्र गृहस्थी योजना के तहत 4 लाख 40 हजार 831 राशन कार्ड हैं, जिनसे लगभग 19.23 लाख यूनिट जुड़ी हुई हैं। वहीं, अंत्योदय अन्न योजना के 8,500 राशन कार्ड हैं, जिनमें लगभग 29 हजार 272 यूनिट शामिल हैं।

पात्र गृहस्थी योजना के अंतर्गत प्रत्येक यूनिट को हर महीने 3 किलो गेहूं और 2 किलो चावल, कुल 5 किलो खाद्यान्न मुफ्त दिया जाता है। अंत्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड 35 किलो खाद्यान्न प्रदान किया जा रहा है।

जिले में हर महीने लगभग 20 लाख लाभार्थियों को राशन योजना का लाभ मिलता है। इस दौरान करीब 99 हजार क्विंटल खाद्यान्न का मुफ्त वितरण किया जाता है। ई-पॉस मशीन और आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से 99.98 प्रतिशत खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित हो रहा है।

इसके अतिरिक्त, जिले में 11 अन्नपूर्णा भवन संचालित हैं, जबकि 79 का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इनके पूरा होने के बाद जिले में कुल 90 अन्नपूर्णा भवन हो जाएंगे। 15 जनपोषण केंद्र भी संचालित हैं, जहाँ उचित कीमत पर पौष्टिक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com