
संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस कार्यालय और थानों में देशभक्ति का माहौल देखा गया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं अपराध) केशव कुमार चौधरी ने पुलिस कार्यालय में ध्वजारोहण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और जनसेवा के प्रति निष्ठापूर्वक कर्तव्य निभाने की शपथ दिलाई।
इसी क्रम में, पुलिस उपायुक्त (नगर/ट्रांस हिंडन जोन) धवल जायसवाल ने थाना कोतवाली नगर में ध्वजारोहण किया और पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर, पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ ने पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता लाखों सेनानियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है, जिसे सुरक्षित रखना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। कमिश्नर ने जोर दिया कि पुलिस की वर्दी केवल एक पोशाक नहीं, बल्कि जनता के विश्वास, कानून के शासन और राष्ट्र की सुरक्षा का प्रतीक है।

उन्होंने हाल ही में संपन्न हुई कांवड़ यात्रा और विभिन्न त्योहारों के दौरान पुलिसकर्मियों के प्रयासों की सराहना की। कमिश्नर ने भविष्य की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साइबर अपराध और महिला अपराध की रोकथाम पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का समाधान कानूनी और मानवीय दोनों दृष्टिकोणों से करना भी प्राथमिकता में शामिल होगा।
गाजियाबाद पुलिस लाइन में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। क्वार्टर गार्ड के सामने पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड ने तिरंगा फहराया। पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान एडीशनल पुलिस कमिश्नर केशव कुमार चौधरी, राजकर नैयर, डीसीपी धवल जायसवाल भी माैजूद थे।

पुलिस कमिश्नर ने सभी पुलिसकर्मियों से अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने गाजियाबाद को एक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण शहर बनाने का संकल्प भी दिलाया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गाजियाबाद कमिश्नरेट के 36 अधिकारी एवं कर्मचारियों को विभिन्न पदक और सम्मान चिह्नों से सम्मानित किया गया। पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ ने शनिवार को पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को पदक प्रदान कर उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।
-1786778800586_v.webp)
प्रशंसा चिह्न प्रदान किया गया
विजयनगर थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मपाल सिंह को दो अलग-अलग सम्मान मिले। उन्हें राष्ट्रपति का सराहनीय सेवा पदक और पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिह्न (स्वर्ण) प्रदान किया गया।पुलिस विभाग में उत्कृष्ट सेवा के लिए कौशांबी थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार शर्मा, कोतवाली में तैनात दारोगा संजीव राणा, मुख्य आरक्षी पुष्पेंद्र कुमार शुक्ला तथा स्वाट टीम में तैनात मुख्य आरक्षी संदीप कुमार को पुलिस महानिदेशक का उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिह्न मिला।कई पुलिसकर्मियों को पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिह्न प्रदान किया गया।
किसको-किसको मिला सम्मान
इनमें विजयनगर थाना प्रभारी धर्मपाल सिंह और क्राइम ब्रांच में तैनात अनिल कुमार को स्वर्ण चिह्न मिला। वहीं सीसीटीएनएस प्रभारी इंस्पेक्टर ललित कुमार, मधुबन बापूधाम थानाध्यक्ष दारोगा रामकिशन, क्राइम ब्रांच में तैनात दारोगा यश कुमार, मुख्य आरक्षी धर्मेंद्र कुमार, हिमांशु मलिक, अभियोजन कार्यालय में तैनात मुख्य आरक्षी जयकांत शर्मा, कौशांबी थाने में तैनात सिपाही विनेश चौधरी और पुलिस लाइन में तैनात महिला सिपाही अनु को रजत प्रशंसा चिह्न मिला। गृह मंत्रालय के अति उत्कृष्ट सेवा पदक से यातायात पुलिस के मुख्य आरक्षी विक्रम सिंह गिरी और मधुबन बापूधाम थाने में तैनात मुख्य आरक्षी संतराम को सम्मानित किया गया।
गृह मंत्रालय का उत्कृष्ट सेवा पदक
गृह मंत्रालय के उत्कृष्ट सेवा पदक पाने वालों में डीसीपी मुख्यालय कार्यालय के मुख्य आरक्षी मनोज कुमार शर्मा, पुलिस लाइन के मुख्य आरक्षी अमित कुमार, डीसीपी सिटी कार्यालय के मुख्य आरक्षी उपेंद्र कुमार सिंह, पुलिस कार्यालय के मुख्य आरक्षी स्वयं प्रकाश, पुलिस लाइन के मुख्य आरक्षी पवन पालीवाल, ई-ऑफिस सेल के मुख्य आरक्षी प्रशांत कुमार दुबे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) कार्यालय के मुख्य आरक्षी ललित कुमार और वेरिफिकेशन सेल के मुख्य आरक्षी जितेंद्र सिंह शामिल हैं।
वीरता के लिए राष्ट्रपति पदक
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी मूलचंद, लीडिंग फायरमैन नेपाल सिंह, फायर सर्विस चालक सतेंद्र सिंह, रामपाल सिंह, फायरमैन जुगेंद्र सिंह, विनय यादव, आयुष्मान कुमार शर्मा, दीपक कुमार-1 और उमाकांत शुक्ला को वीरता के लिए राष्ट्रपति पदक मिला है। सर्विलांस सेल में तैनात मुख्य आरक्षी आदेश त्रिपाठी को भी वीरता के लिए राष्ट्रपति पदक प्रदान किया गया।


कमिश्नर गौड़ ने गाजियाबाद को एनसीआर का एक महत्वपूर्ण औद्योगिक और व्यावसायिक केंद्र बताया। उन्होंने स्वीकार किया कि बढ़ती आबादी, यातायात और बदलते सामाजिक परिवेश के कारण पुलिस की चुनौतियां बढ़ी हैं। इसके बावजूद, पुलिसकर्मियों ने अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध की रोकथाम, यातायात प्रबंधन और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने में सराहनीय कार्य किया है।



