
संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने भारतीय वायुसेना के एक विंग कमांडर को कथित तौर पर गोपनीय रक्षा दस्तावेज लीक करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, अधिकारी को सोशल मीडिया के जरिए एक महिला ने कथित तौर पर हनीट्रैप में फंसाया था. महिला ने उससे संवेदनशील सैन्य जानकारी हासिल करने की कोशिश की.
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर संपर्क में आने के बाद महिला ने अधिकारी से सैन्य गतिविधियों और रक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी मांगी. जांच में यह भी सामने आया है कि अधिकारी ने अपने एक सहकर्मी के मोबाइल फोन में एक संदिग्ध ऐप इंस्टॉल किया था. आशंका है कि यह ऐप स्पाइवेयर की तरह काम कर रहा था और इसके जरिए संवेदनशील जानकारी हासिल करने की कोशिश की गई.
जांच एजेंसियों को संदेह है कि सोशल मीडिया के जरिए अधिकारी के संपर्क में आई महिला के संबंध पाकिस्तान में बैठे कुछ हैंडलर्स से हो सकते हैं. हालांकि इस पूरे नेटवर्क और कथित जासूसी गतिविधियों की भूमिका को लेकर जांच अभी जारी है. मामले में दिल्ली पुलिस ने Official Secrets Act के तहत केस दर्ज किया है. स्पेशल सेल अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अधिकारी ने कितनी संवेदनशील जानकारी साझा की और इस नेटवर्क में उसके अलावा कौन-कौन लोग शामिल हैं.
पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान अधिकारी के सोशल मीडिया संपर्क, मोबाइल डिवाइस और संदिग्ध एप से जुड़ी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है. सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए संभावित विदेशी कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही हैं.



