
संवाददाता
नई दिल्ली । दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को हुई तेज बारिश से हालात बदल गए हैं. राजधानी के कई इलाकों में सड़कों पर पानी जमा है और गाड़ियों की रफ्तार थम गई है. दिल्ली के लुटियंस जोन इलाके में सड़कों पर जाम की स्थिति है. इसके अलावा नई दिल्ली नगर पालिका परिषद के अंतर्गत आने वाले कई सड़कों पर जलभराव की समस्या है. इस बारिश ने नई दिल्ली नगर पालिका परिषद की पोल खोल दी है.
लोधी रोड में लगा लंबा जाम
दिल्ली के अशोक रोड, जनपथ समेत कई मुख्य रास्तों पर लंबा जाम लग गया. बारिश का असर लोधी रोड पर भी साफ नजर आ रहा है. सड़क के कई हिस्सों में पानी जमा होने से गाड़ियों के पहिए ठिठक गए हैं. दिल्ली के लुटियन जोन फिरोजशाह रोड, अकबर रोड, कर्तव्यपथ, इंडिया गेट, जैसे कई इलाकों में बारिश हो रही है. नई दिल्ली नगर पालिका परिषद के कई इलाकों में जलभराव की समस्या देखी जा रही है. लोधी रोड पर खान मार्केट से पहले तेज बारिश के बाद सीवर से पानी बह रहा है. इसके कारण सड़क पर पानी भर गया है. हालांकि नई दिल्ली नगर पालिका परिषद की तरफ से पानी निकासी को लेकर तमाम दावे और वादे किए जाते हैं, लेकिन आज सब गलत साबित हो गए.
महरौली-बदरपुर रोड पर रेंग रहे वाहन
दिल्ली के मुख्य मार्ग में से एक महरौली बदरपुर रोड पर लोग भीषण सड़क जाम से जूझते दिखाई दिए. जलभराव की वजह से यहां वाहनों की रफ्तार थम गई है. बीते एक घंटे से लोग सड़क पर जाम में फंसे हुए हैं. जाम में फंसे एक राहगीर ने बताया कि पिछले आधा घंटा से भी ज्यादा समय से मैं इसी जाम में फंसा हुआ हूं. सड़क पर आगे जलभराव होने के कारण जाम लग गया है.
उन्होंने कहाकि दिल्ली में बारिश से पहले दिल्ली सरकार के द्वारा सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई. इसकी वजह से सड़क भी जर्जर स्थिति में है. ऐसा नहीं लगता है कि हम लोग देश की राजधानी दिल्ली में रह रहे हैं. सड़क की स्थिति काफी खराब है. बारिश की वजह से जगह-जगह पर जलभराव की समस्या देखी जा रही है.
मौसम विभाग के द्वारा बीते मंगलवार 4 अगस्त से बारिश को लेकर अलर्ट दिया गया था और बुधवार सुबह से ही बारिश हो रही है. इस बारिश की वजह से लोगों को भीषण गर्मी से तो राहत मिली है, लेकिन जगह-जगह सड़क पर जलभराव की स्थिति हो गया है.



