
संवददाता
गाजियाबाद । राजनगर एक्सटेंशन इलाके में शनिवार, 11 जुलाई 2026 को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक निर्माणाधीन शॉपिंग मॉल के भीतर सात साल की मासूम का शव बरामद हुआ. बच्ची 10 जुलाई की शाम से लापता थी. परिवार मासूम की तलाश में जुटा हुआ था. देर रात शव मिलने की सूचना पर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की.
शुरुआती जांच में मासूम की हत्या किसी भारी और ठोस वस्तु से की जाने की आशंका जताई जा रही है. मामले को लेकर पुलिस द्वारा हर एक पहलू पर जांच की जा रही है.
पुलिस के मुताबिक, मृतका के गले के पास चोट के निशान मिले हैं. हालांकि, मौत की सही वजह और घटनाक्रम का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. मासूम के साथ हैवानियत की भी आशंका जताई जा रही है. हालांकि इस बात की पुष्टि भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही हो सकेगी. फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. मामले की जानकारी मिलते ही डीसीपी सिटी धवल जायसवाल द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया.
पुलिस द्वारा दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है और निर्माणाधीन शॉपिंग मॉल में काम करने वाले मजदूरों और अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारियों को कहना है हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ जारी है और घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर जल्दी पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.
सहायक पुलिस आयुक्त नन्दग्राम (कार्यवाहक) प्रियाश्री पाल के मुताबिक, 11 जुलाई 2026 को रात्रि करीब 01:00 बजे के आसपास थाना नंदग्राम पर यह सूचना प्राप्त हुई कि थाना नन्दग्राम क्षेत्रान्तर्गत एक अंडर कंस्ट्रक्शन मॉल राजनगर एक्सटेंशन में एक 7 वर्षीय बच्ची का शव बरामद हुआ है. इस सूचना पर तुरंत संज्ञान लेते हुए थाना नंदग्राम की पुलिस टीम यहां पर पहुंची है. सारे उच्चाधिकारी गणों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया गया है. एफएसएल (FSL) की टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन की कार्रवाई पूर्ण की जा चुकी है. परिवारजनों से तहरीर लेकर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है और कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है. अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है.



