
संवाददाता
पटना । बिहार की राजनीति में अनंत सिंह के एक बयान से हलचल मच गई है. अनंत सिंह ने दावा किया है कि उन्होंने पार्टी के लिए बहुत कुर्बानी दी है. मोकामा के विधायक ने कहा कि नीतीश कुमार के साथ रहते हुए उन्होंने 9 लोगों की हत्या करवाई थी. उनके इस बयान ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. अनंत सिंह ने कहा कि पार्टी के लिए जितनी कुर्बानी उन्होंने दी है, उतनी किसी और ने नहीं दी. उन्होंने नीतीश कुमार का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय नीतीश कुमार कुछ नहीं थे. वह उनके साथ थे और उन्होंने पार्टी के लिए बहुत कुछ किया.
‘न मरने का गम है, न जीने की खुशी’
अनंत सिंह ने अपने अंदाज में कहा कि उन्हें न मरने का गम है और न जीने की खुशी. उन्होंने कहा कि पार्टी उनकी है और वह पार्टी के फैसले को मानते हैं. उनके इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में चर्चा तेज हो गई है. सबसे ज्यादा चर्चा उनके उस दावे की हो रही है, जिसमें उन्होंने 9 लोगों की हत्या करवाने की बात कही.
अनंत सिंह क्यों कर रहे बयानबाजी
बता दें कि ये सारा विवाद अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच तनातनी के बाद शुरू हुई. विवाद की मुख्य वजह पटना स्नातक सीट का MLC चुनाव और पुरानी राजनीतिक दुश्मनी है. दोनों JDU से जुड़े हैं. लेकिन इस चुनाव में दोनों आमने-सामने आ गए हैं. अनंत सिंह ने JDU के उम्मीदवार नीरज कुमार को हराने की बात कही है और जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन किया है.
अनंत सिंह का आरोप है कि नीरज कुमार ने पहले उनके खिलाफ राजनीतिक रूप से काम किया. उनका कहना है कि जब वह चुनाव लड़ रहे थे, तब नीरज ने उनका साथ नहीं दिया. अनंत सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि नीरज ने उन्हें पुराने AK-47 मामले में फंसाने कोशिश की. पटना स्नातक सीट से JDU ने नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है. अनंत सिंह इस फैसले से नाराज हैं. वो नीरज कुमार के खिलाफ लगातार प्रचार कर रहे हैं. उन्होंने खुलेआम जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह को समर्थन किया है.



